{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी कैंट स्टेशन पार्किंग में अवैध वसूली पर बड़ा एक्शन, ठेकेदार पर लगा 1 लाख का जुर्माना; दोबारा गलती पर ठेका होगा निरस्त

पिक एंड ड्रॉप और पार्किंग के नाम पर तय किराए से ज्यादा पैसे वसूलने पर रेलवे प्रशासन का बड़ा एक्शन

 

रेलवे ने ठेकेदार कंपनी को जुर्माना राशि जमा करने के लिए 15 दिनों का समय दिया है

दोबारा ऐसी शिकायत या अनियमितता मिलने पर पार्किंग का ठेका तुरंत निरस्त (कैंसिल) कर दिया जाएगा

वाराणसी (कार्यालय संवाददाता): वाराणसी के चौधरी चरण सिंह (कैंट) रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और वाहन स्वामियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। स्टेशन परिसर की पार्किंग में लगातार मिल रही अवैध वसूली की शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। कैंट स्टेशन की मिक्स पार्किंग के ठेकेदार पर नियमों के उल्लंघन और यात्रियों के शोषण के आरोप में 1 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है।

रेलवे प्रशासन ने ठेकेदार कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए यह स्पष्ट किया है कि जुर्माने की यह राशि हर हाल में 15 दिनों के भीतर जमा करनी होगी। साथ ही कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की अनियमितता पाई गई, तो पार्किंग का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा।

5 मिनट गाड़ी खड़ी करने पर वसूले 60 रुपये

मामले की जानकारी देते हुए कैंट स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ लगातार यात्रियों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। हाल ही में एक वाहन स्वामी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 'पिक एंड ड्रॉप' (Pick and Drop) के तहत महज 5 मिनट वाहन खड़ा करने पर भी उनसे 0-24 घंटे के स्लैब के हिसाब से 60 रुपये की कंप्यूटराइज्ड पर्ची थमाकर अवैध वसूली की गई, जो पूरी तरह से नियम विरुद्ध है।

कंप्यूटराइज्ड पर्ची में भी चल रहा था खेल 

जांच में यह भी सामने आया कि कार पार्किंग के लिए दी जा रही कंप्यूटराइज्ड पर्चियों में रेलवे द्वारा निर्धारित पूरा रेट स्लैब (Rate Slab) अंकित ही नहीं किया जा रहा था। ठेकेदार द्वारा जानबूझकर पर्ची पर केवल '0-24 घंटे के लिए 60 रुपये' प्रिंट किया जा रहा था, ताकि कम समय के लिए आने वाले वाहन स्वामियों से भी पूरा पैसा ऐंठा जा सके।

रेलवे की सख्त चेतावनी ठेकेदार को जारी किए गए नोटिस में पूर्व की कई शिकायतों का भी हवाला दिया गया है। स्टेशन निदेशक ने साफ किया है कि कैंट स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सहूलियत सर्वोपरि है। पार्किंग के नाम पर किसी भी तरह की मनमानी या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर ठेकेदार अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाता है, तो ब्लैकलिस्टिंग और ठेका निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

यात्री सजग रहें: कैंट स्टेशन मिक्स पार्किंग नियम

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे पार्किंग शुल्क देने से पहले पर्ची पर लिखे रेट स्लैब को ध्यान से देखें। यदि कोई कर्मचारी तय शुल्क से अधिक पैसों की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत स्टेशन मास्टर या संबंधित रेलवे अधिकारियों से दर्ज कराएं ताकि ऐसे तत्वों पर तत्काल लगाम लगाई जा सके।