मध्य प्रदेश के इंजीनयिर असद खान ने काशी में की घर वापसी, अब बन गया अथर्व त्यागी
अस्सी घाट पर बीच गंगा में ब्राह्मणों ने कराया पूजन और शुद्धिकरण
गायत्री मत्र और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लिया संकल्प, बताया अपने को बजरंग बली का भक्त
वाराणसी, भदैनी मिरर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले युवक असद खान ने वाराणसी में सनातन धर्म अपना लिया। घर वापसी के बाद अब असद खान ’अथर्व त्यागी’ बन गया है। अस्सी घाट से 11 ब्राह्मणों के साथ आलोक योगी असद को नाव से बीच गंगा में ले गए। यहां उसका मुंडन संस्कार कराया गया। 11 ब्राह्मणों ने गायत्री मंत्र और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ही उसका संकल्प कराया।
काशी में सनातन धर्म में वापसी के पूजन कार्यक्रम के दौरान उसका शुद्धिकरण कराया गया। गौरी गणेश पूजन हुआ और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। पूजन कराने वाले ब्राह्मण आलोक नाथ योगी ने बताया कि घर वापसी से पूर्व शुद्धिकरण संस्कार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर नामकरण हुआ। पूरी प्रक्रिया शास्त्रीय विधि के अनुसार संपन्न कराई गई। अथर्व त्यागी ने बताया कि वह पेशे से इंजीनियर है और सागर जिले में उनका परिवार रहता है।
वह सरकारी विभाग में ठेकेदारी करते हैं। उनका परिवार मुस्लिम धर्म का पालन करता है। बचपन से ही उसे मंदिरों में जाना और पूजा-पाठ करना पसंद था, लेकिन बड़े होने के बाद नाम के कारण कई बार मंदिरों में प्रवेश और पूजन में असहजता का सामना करना पड़ा। उसने अपने को बजरंग बली का भक्त बताया और कहा कि अपनी आस्था के अनुरूप जीवन जीने के लिए उसने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया है।