{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Video वाराणसी: लहुराबीर की दुकान से महिलाओं ने चुराए ₹10 हजार के अंडरगारमेंट्स, CCTV फुटेज वायरल

गोरस बिल्डिंग के पास इंडियन बैंक के नीचे स्थित दुकान में वारदात, चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज; पुलिस ने आरोपियों की पहचान की
 

 

वाराणसी ,Bhadaini Mirror|  शहर के लहुराबीर इलाके में एक होजरी दुकान से तीन महिलाओं द्वारा अंडरगारमेंट्स चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 से 7:10 बजे के बीच की बताई जा रही है, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

घटना लहुराबीर स्थित गोरस बिल्डिंग के नीचे, इंडियन बैंक के पास मौजूद एक होजरी दुकान की है। दुकान संचालक सुदीप सिंह, जो ‘अमानते होजरी’ के प्रोपराइटर हैं, ने बताया कि तीन अज्ञात महिलाएं दुकान में ग्राहक बनकर आईं और सामान देखते-देखते करीब 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स चोरी कर ले गईं।


 

CCTV में कैद पूरी वारदात

दुकान मालिक के अनुसार, चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने तीन वीडियो क्लिप पुलिस को सौंपी हैं, जिनमें महिलाओं की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

इस संबंध में सुदीप सिंह ने चेतगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने की पहचान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम सक्रिय कर दी गई है।

व्यापारियों में बढ़ी चिंता

घटना के बाद लहुराबीर क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय व्यापार मंडल के सदस्यों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं व्यापार पर नकारात्मक असर डालती हैं। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और एकजुट होकर ऐसे मामलों से निपटने की बात कही है।
दुकान संचालक सुदीप सिंह ने अपील की कि सभी व्यापारी सतर्क रहें और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर है, ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ व्यापारियों का विश्वास बहाल हो सके।