{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Kolkata-Jammu Tawi Express: कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री की सिर में गोली मारकर हत्या

गया से नैमिषारण्य दर्शन को जा रहे श्रद्धालु की ट्रेन के बाथरूम के पास हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका

 

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चलती ट्रेन के अंदर हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोलकाता से जम्मूतवी जा रही 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के एस-2 (S-2) कोच में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने यात्री के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार होने में सफल रहा।

 दर्शन करने जा रहे थे नैमिशारण्य

बाथरूम के पास मारी गई गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के गया (पिपरिया, बारचकी) निवासी दिनेश शाह (42) अपनी बहन, दो बच्चों और रिश्तेदार के साथ सीतापुर स्थित नैमिशारण्य धाम दर्शन करने जा रहे थे। दिनेश एक्सप्रेस ट्रेन के एस-2 बोगी में सवार थे, जबकि उनके परिजन पीछे के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।

रविवार की देर रात लगभग 1:35 बजे ट्रेन जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन से आगे बढ़ी, तभी ब्लॉक हट-बी के पास बाथरूम के समीप किसी अज्ञात हमलावर ने दिनेश के सिर में गोली मार दी।

यात्रियों में दहशत, वाराणसी में उतारा गया शव 

सन्नाटे में गोली की आवाज सुनकर कोच में मौजूद यात्री सहम गए। तत्काल इसकी सूचना रनिंग स्टाफ को दी गई। ट्रेन रात 2:42 बजे जब वाराणसी जंक्शन (कैंट) पहुंची, तब जीआरपी ने शव को कोच से नीचे उतारा और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुरानी रंजिश का एंगल तलाश रही पुलिस

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह भारी फोर्स के साथ जीआरपी थाने पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने के लिए एक विशेष टीम को उसी ट्रेन के साथ आगे रवाना किया है।

एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा का बयान: "मामला बेहद गंभीर है। प्रथम दृष्टया यह पुरानी रंजिश का मामला लग रहा है क्योंकि हमलावर ने सीधे सिर को निशाना बनाया है। सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों के बयान के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। हर संभावित पहलू की जांच जारी है।"

असुरक्षित महसूस कर रहे यात्री

ट्रेन के अंदर इस तरह की हत्या ने रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर बिहार से जुड़े संपर्कों और पुरानी दुश्मनी की कड़ियां जोड़ रही है।