Kashi Vishwanath Dham: सावन में श्री काशी विश्वनाथ धाम में नहीं मिलेगा VIP दर्शन, प्रत्येक सोमवार को होंगे बाबा विशेष श्रृंगार
Shravan Maas 2026: वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में आगामी श्रावण मास (30 जुलाई से 28 अगस्त 2026) की तैयारियों को लेकर कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई हाई-लेवल बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिए गए कई बड़े फैसले।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): श्री काशी विश्वनाथ धाम में आगामी श्रावण मास-2026 के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंगलवार (7 जुलाई 2026) को विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम में वाराणसी मंडल के कमिश्नर श्री एस राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर श्री मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
आपको बता दें कि इस वर्ष श्रावण मास का पावन काल दिनांक 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन) तक रहेगा।
श्रावण मास में विशेष (VIP) दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संपूर्ण सावन महीने में किसी भी प्रकार के विशेष मांग या प्रोटोकॉल (VIP) दर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। विशिष्ट जनों से अनुरोध किया गया है कि वे कोई प्रोटोकॉल अनुरोध न भेजें क्योंकि इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी दलाल, ठग या दुकानदारों के झांसे में न आएं जो विशेष दर्शन कराने का दावा करते हैं। ऐसा होने पर तुरंत पुलिस या मंदिर प्रशासन को सूचित करें।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: ये वस्तुएं लेकर कतार में न लगें
अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले निम्नलिखित निषिद्ध (प्रतिबंधित) वस्तुओं को अपने होटल या घर पर ही छोड़ने की सलाह दी गई है:
-
डिजिटल घड़ी (स्मार्ट वॉच), मोबाइल फोन और ईयरफोन
-
तम्बाकू, सिगरेट एवं अन्य नशे की वस्तुएं
-
कॉस्मेटिक्स, पेन और धातु (Metal) की वस्तुएं
-
बड़े बैग और झोले
महत्वपूर्ण नोट: भारी भीड़ के कारण सावन के दौरान धाम में स्थापित निःशुल्क बैगेज काउंटर संचालित नहीं होंगे। इसलिए अपना सामान ठहरने के स्थान पर ही रखकर आएं।
सावन के चार सोमवार: बाबा विश्वनाथ के विशेष श्रृंगार का शेड्यूल
इस वर्ष श्रावण मास में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिसमें बाबा का अद्भुत श्रृंगार किया जाएगा:
-
03-08-2026 (प्रथम सोमवार): श्री शंकर स्वरुप श्रृंगार
-
10-08-2026 (द्वितीय सोमवार): गौरी-शंकर (शंकर-पार्वती) श्रृंगार
-
17-08-2026 (तृतीय सोमवार): अर्धनारीश्वर श्रृंगार
-
24-08-2026 (चतुर्थ सोमवार): रुद्राक्ष श्रृंगार
-
27-08-2026 (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार
-
28-08-2026 (रक्षाबंधन): इस दिन श्रद्धालु सामान्य दर्शन कर सकेंगे।
भीड़ नियंत्रण और उमस से राहत के लिए विशेष इंतजाम
कमिश्नर एस राजलिंगम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। भीड़ के दबाव को रोकने के लिए जिग-जैग रेलिंग में ऊपर और नीचे दोनों तरफ बैरिकेडिंग की जा रही है।
गर्मी और उमस से बचाने के लिए कतारों में इंडस्ट्रियल एयर कूलर लगाए जाएंगे। इसके अलावा पूरे परिसर में नियमित अंतराल पर शीतल पेयजल, ओआरएस (ORS) घोल, ग्लूकोज, बिस्किट और चॉकलेट का वितरण किया जाएगा ताकि बच्चों और बुजुर्गों को कोई परेशानी न हो।
काशीवासियों के लिए झांकी दर्शन और घर बैठे लाइव स्ट्रीमिंग
-
काशीवासियों के लिए विशेष छूट: काशी के स्थानीय निवासियों के लिए सावन सोमवार और पर्व के दिनों को छोड़कर, प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक 'झांकी दर्शन' की विशेष सुविधा रहेगी।
-
घर बैठे लाइव दर्शन: जो श्रद्धालु किसी कारणवश वाराणसी नहीं आ सकते, वे मंदिर न्यास की वेबसाइट, आधिकारिक यूट्यूब चैनल और टाटा स्काई (आधिकारिक प्रसारण साझीदार) के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन कर सकेंगे।
बुजुर्गों के लिए फ्री गोल्फ कार्ट और खोया-पाया केंद्र
-
निःशुल्क गोल्फ कार्ट/ई-रिक्शा: बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों की सुविधा के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक निःशुल्क गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा।
-
खोया-पाया केंद्र: भीड़ में अपनों से बिछड़े लोगों की सहायता के लिए धाम में 6 प्रमुख स्थानों (मंदिर प्रांगण, शंकराचार्य चौक, गेट नं. 1, गेट नं. 2, गेट नं. 4 और विश्वनाथ घाट) पर खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे।
-
स्वास्थ्य सेवाएं: आपातकालीन स्थिति के लिए मेडिकल टीमें और मंदिर की एंबुलेंस हर वक्त मुस्तैद रहेंगी।
लटकते बिजली के तारों को ठीक करने, मुस्तैद सीसीटीवी निगरानी और सुचारू पीए (PA) सिस्टम के लिए भी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर घाट की तरफ (भैरव द्वार) से प्रवेश को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
इस बैठक में जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण सहित एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, पीएसी और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे।