काशी तमिल संगमम् 5.0 का नमो घाट पर आगाज: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
उद्घाटन से पहले काशी विश्वनाथ व कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन; तमिलनाडु से सात समूहों में पहुंचेंगे प्रतिभागी
वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी और तमिल की प्राचीन सांस्कृतिक विरासतों के संगम का प्रतीक ‘काशी-तमिल संगमम्’ के पांचवें संस्करण (5.0) का शनिवार को वाराणसी के नमो घाट पर भव्य आगाज हो गया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस समागम का औपचारिक उद्घाटन किया। यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा।
दर्शन-पूजन के बाद नमो घाट पहुंचे अतिथि
काशी-तमिल संगमम् के उद्घाटन से पूर्व उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद नमो घाट पहुंचने पर दोनों अतिथियों ने तमिल छात्रों के साथ फोटोग्राफी कराई और आयोजन स्थल पर लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
सात समूहों में आएगा तमिलनाडु का दल, छात्र पहुंचे काशी
12 दिसंबर तक चलने वाले इस संगमम् के दौरान तमिलनाडु से सात अलग-अलग समूहों में प्रतिभागी काशी पहुंचेंगे। पहले दल के रूप में छात्रों का समूह शुक्रवार को वाराणसी आ चुका है। शनिवार सुबह गंगा स्नान के बाद इन छात्रों ने काशी विश्वनाथ मंदिर और विशालाक्षी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वे यहां काशी की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित होंगे।
नमो घाट पर उत्सव और सांस्कृतिक छटा
समारोह को लेकर नमो घाट पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। आयोजन में तमिल कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिसने काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक जीवंतता को उभारा।