काशी में डिजिटल जनगणना का शुभारंभ, महापौर अशोक तिवारी ने खुद की स्व-गणना
जानें घर बैठे ऑनलाइन विवरण भरने की पूरी प्रक्रिया; शहरवासियों से 30 नवंबर तक इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत सोमवार से 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ हो गया। शहर के प्रथम नागरिक महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को अपने सिगरा स्थित आवास पर स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपना और परिवार का विवरण दर्ज कर इस ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त काशीवासियों से अपील की कि वे तय समयसीमा के भीतर घर बैठे आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें।
16 से 30 नवंबर तक खुली रहेगी ऑनलाइन विंडो
महापौर ने जानकारी दी कि आम नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को कुल 40 बिंदुओं पर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा साझा किया गया यह पूरा डेटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखा जाएगा, जिसका उपयोग देश के समग्र विकास और भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के नीति निर्धारण में किया जाएगा। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह और जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कैसे करें घर बैठे स्व-गणना? जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया:
-
नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाएं।
-
अपने नाम और मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करें।
-
मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) के सत्यापन के बाद ऑनलाइन प्रश्नावली खुलेगी, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा।
-
फॉर्म सबमिट होने के बाद स्क्रीन पर 11 अंकों की एक विशिष्ट एसई-आईडी (SE-ID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
-
जब 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच प्रगणक (गणनाकर्मी) घर-घर जनगणना के लिए आएंगे, तो उन्हें यह 11 अंकों की आईडी दिखाने पर आपका डेटा स्वतः सत्यापित हो जाएगा।
इन 40 बिंदुओं की जानकारी पहले से रखें तैयार: नगर आयुक्त
नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्व-गणना करने से पहले कुछ जरूरी जानकारियां और दस्तावेज अपने पास तैयार रखें ताकि फॉर्म भरते समय कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि कुल 40 सवालों के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा व अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता और शैक्षणिक स्तर की जानकारी देनी होगी।
इसके अतिरिक्त व्यवसाय की श्रेणी, कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, स्थायी निवास, विवाहित महिलाओं के लिए बच्चों से जुड़े विवरण, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े बिंदुओं की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। नगर आयुक्त ने सभी नागरिकों से स्वयं पंजीकरण करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है।