काशी: वंदेभारत में छूटा सिंगापुर के पर्यटक का डॉलर और रुपयों से भरा बैग, रेलकर्मी की ईमानदारी से लौटा
सफाई के दौरान यार्ड में मिला बैग, करीब 2.11 लाख रुपये और विदेशी करेंसी सुरक्षित मिलने पर पर्यटक ने की भारतीय रेलवे की सराहना
भदैनी मिरर, वाराणसी। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी भ्रमण पर आए सिंगापुर के एक विदेशी पर्यटक को भारतीय रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता का सुखद अनुभव मिला है। नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान पर्यटक का रुपये और डॉलर से भरा बैग सीट पर ही छूट गया था, जिसे सफाईकर्मी ने ईमानदारी से अधिकारियों को सौंपा और उचित पहचान के बाद पूरी रकम पर्यटक को सुरक्षित वापस कर दी गई।
यार्ड में सफाई के दौरान मिला लावारिस बैग
जानकारी के अनुसार, सिंगापुर निवासी यह पर्यटक भारत भ्रमण पर आए हुए हैं और इसी सिलसिले में नई दिल्ली से वाराणसी वंदेभारत ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। वाराणसी पहुंचने पर यात्रा समाप्त होने के बाद वे जल्दबाजी में ट्रेन से उतर गए, लेकिन नकदी से भरा अपना बैग सीट पर ही भूल गए।
ट्रेन के वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने के बाद जब उसे यार्ड में ले जाकर नियमित सफाई की जा रही थी, तभी एक सफाई कर्मचारी की नजर सीट पर रखे बैग पर पड़ी। जांचने पर बैग में भारतीय मुद्रा के साथ विदेशी करेंसी (डॉलर) भी मौजूद थी। कर्मचारी ने बिना किसी देरी के बैग की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी और उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
गाइड के साथ कैंट स्टेशन पहुंचे पर्यटक
दूसरी ओर, अपना बैग छूट जाने का एहसास होने पर विदेशी पर्यटक अपने गाइड के साथ उसकी तलाश में कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बैग और उसमें रखी नकदी का विवरण दिया। स्टेशन पर आवश्यक पूछताछ और यात्री की पहचान की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने बैग समेत पूरी रकम पर्यटक को सौंप दी।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 2.11 लाख रुपये के साथ हजारों डॉलर रखे थे। पूरी रकम सुरक्षित हाथ में आते ही पर्यटक के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलकने लगी।
स्टेशन निदेशक ने दी जानकारी, पर्यटक ने जताया आभार
कैंट स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारी को यह बैग मिला था, जिसे नियमानुसार अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। संबंधित यात्री की पहचान और दावे की पुष्टि होने के बाद उनका सामान सुरक्षित लौटा दिया गया।
अपना कीमती सामान और नकदी सुरक्षित वापस मिलने पर सिंगापुर के पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी की दिल खोलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत यात्रा के दौरान मिले इस सकारात्मक अनुभव से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है तथा उन्होंने भारतीय रेलवे और कर्मचारियों के व्यवहार को सराहनीय बताया।