{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पत्रकार हत्याकांड में न्याय की गुहार: आईजी वैभव कृष्ण से मुलाकात कर दो मामलों की हुई शिकायत 

जौनपुर के शाहगंज में पत्रकार की हत्या का मामला, मुख्य आरोपी का नाम हटाने की साजिश का आरोप, सीबीआई जांच की दोहराई मांग

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। जौनपुर जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुए पत्रकार हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। मृतक पत्रकार के भाई संतोष कुमार श्रीवास्तव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) वैभव कृष्ण से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मीडिया से बातचीत में संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनके भाई आशुतोष श्रीवास्तव (43) की 13 मई 2024 को दिनदहाड़े बीच चौराहे पर हत्या कर दी गई थी। मृतक बीजेपी नेता और सुदर्शन न्यूज़ चैनल से जुड़े पत्रकार थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वे ग्राम समाज व सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते थे और समाज के हर वर्ग-हिंदू, मुस्लिम, गरीब और अमीर की मदद के लिए संघर्षरत रहते थे।

यह भी पढ़े -  पत्रकार का हत्यारोपी गो-तस्कर जमीरूद्दीन फिर गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार,दर्ज है कुल 19 मुकदमें…

 

संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि उनके भाई की सक्रियता से नाराज़ अपराधी प्रवृत्ति के लोग और भूमाफिया उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। उनका कहना है कि जिन लोगों पर अरबों रुपये की सरकारी और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप है, वही लोग इस हत्या के पीछे हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में मुख्य आरोपी नसल जमाल का नाम विवेचना से हटाने की साजिश शुरू से ही की जा रही है। संतोष कुमार के अनुसार, वर्ष 2003 के एक पुराने विवाद का हवाला देकर मामले को कमजोर करने और असली आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि न्याय की मांग को लेकर पहले भी कई बार धरना, प्रदर्शन और रैलियां की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते वे एक बार फिर वाराणसी पहुंचे और आईजी वैभव कृष्ण को पूरे मामले से अवगत कराते हुए सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

यह मामला जौनपुर जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र के सबरहत गांव से जुड़ा हुआ है। पीड़ित परिवार को अब भी न्याय मिलने की उम्मीद है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
 

पति की हत्या के मामले में रूबी मिश्रा ने लगाए जांच में साजिश के आरोप


थाना जाफराबाद क्षेत्र की निवासी रूबी मिश्रा ने अपने पति की हत्या के मामले में न्याय न मिलने की शिकायत आईजी वैभव कृष्ण से की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या उनके जेठ रविंद्र नारायण मिश्रा ने अन्य लोगों के साथ मिलकर की, लेकिन आज तक न तो हत्यारों की गिरफ्तारी हुई और न ही हत्या में प्रयुक्त वाहन व हथियार बरामद किए जा सके।
रूबी मिश्रा का आरोप है कि मामले की शुरुआती विवेचना कर रहे तत्कालीन जांच अधिकारी राजाराम द्विवेदी ने जानबूझकर जांच को कमजोर किया और उनके चार अहम गवाहों के नाम केस से हटवा दिए।