{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी को वैश्विक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की पहल; होमस्टे और B&B संचालकों के लिए होटल क्लार्क्स में विशेष कार्यशाला आयोजित

पर्यटन मंत्रालय और जिला प्रशासन ने आयोजित की वर्कशॉप; पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने दिए वाराणसी की टूरिज्म छवि सुधारने के गुर

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी को वैश्विक स्तर का पर्यटन स्थल बनाने के दिशा में पर्यटन मंत्रालय और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला प्रशासन के सहयोग से होटल क्लार्क्स में होमस्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) संचालकों के लिए अर्ध-दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

वैश्विक स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा वाराणसी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत सरकार के पर्यटन सचिव श्री भुवनेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री जी की सोच के अनुसार देश के प्रत्येक राज्य में कम से कम एक विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धी पर्यटन गंतव्य विकसित किया जाना है। वाराणसी में घरेलू और विदेशी पर्यटकों के आगमन को देखते हुए इसे ग्लोबल टूरिज्म हब बनाने की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के ट्रेनिंग सेशन से स्थानीय उद्यमियों के कौशल और सेवा मानकों में सुधार होगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

पर्यटकों के साथ रखें संवेदनशील और विनम्र व्यवहार: मंडलायुक्त

वाराणसी के मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम ने स्थानीय हितधारकों को पर्यटन विकास की सबसे मजबूत कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि बनारस आने वाला हर पर्यटक अपने साथ अच्छी यादें लेकर वापस लौटे, इसके लिए होमस्टे संचालकों को पर्यटकों के साथ व्यवहार में धैर्य, संवेदनशीलता और सहयोगात्मक रवैया अपनाना होगा।

प्रमुख OTA प्लेटफॉर्म्स ने दिए डिजिटल ग्रोथ के टिप्स

इस कार्यशाला में MakeMyTrip, Booking.com, Agoda, ixigo, Airbnb और EaseMyTrip जैसे देश के प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एग्रीगेटर्स (OTAs) के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने संचालकों को अपनी प्रॉपर्टी की ऑनलाइन लिस्टिंग, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया का इस्तेमाल, ग्राहक सेवा, स्वच्छता के मानक और ऑनलाइन रिव्यूज़ को मैनेज करने के व्यावहारिक गुर सिखाए।

कार्यशाला में भाग लेने वाले स्थानीय पर्यटन उद्यमियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि सीधे उद्योग विशेषज्ञों से मिले सुझावों से उन्हें अपने व्यवसाय को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ाने और सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।