IIT BHU: गैर-शैक्षणिक कर्मचारी फोरम के चुनाव नतीजे घोषित, गोपाल यादव अध्यक्ष और धीरेंद्र पांडेय बने सचिव
आईआईटी (बीएचयू) में समूह 'ख' एवं 'ग' कर्मचारियों का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न; निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने दी बधाई।
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-BHU), वाराणसी में शुक्रवार को गैर-शैक्षणिक समूह 'ख' एवं 'ग' कर्मचारियों के अंतरिम फोरम के गठन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न हो गई। सुबह से ही कर्मचारियों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चले मतदान के तुरंत बाद शाम 6:00 बजे से मतगणना शुरू हुई। रात 9:00 बजे तक चले कड़े मुकाबले के बाद चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की गई।
गोपाल यादव अध्यक्ष और धीरेंद्र कुमार पांडेय बने सचिव
घोषित चुनाव परिणामों के अनुसार, तकनीकी अधीक्षक गोपाल यादव ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए शानदार 164 मत हासिल किए और अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं कनिष्ठ अधीक्षक विभूति नारायण 42 मत पाकर उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किए गए।
अन्य प्रमुख पदों पर जीते प्रत्याशी:
-
सचिव: धीरेंद्र कुमार पांडेय
-
संयुक्त सचिव: कमलेश यादव
-
कोषाध्यक्ष: नवनीत कुमार पाण्डेय
कुल 349 वोट पड़े 361 में से। इसमें 5 वोट ऑनलाइन माध्यम से भी पड़े
कार्यकारिणी सदस्य पदों के विजेता
इसके साथ ही फोरम के सदस्य पदों के लिए भी अलग-अलग वर्गों से विजेताओं की घोषणा की गई।
-
प्रशासनिक वर्ग से: रवि गर्ग एवं अतुल विजयी रहे।
-
तकनीकी वर्ग से: आंजनेय कुमार एवं अजय कुमार पटेल ने जीत दर्ज की।
परिणामों की घोषणा होते ही पूरे परिसर में कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ उल्लास एवं हर्ष व्यक्त किया। विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर बधाई दी।
संस्थान के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगा फोरम: प्रो. अमित पात्रा
इस सफल लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर खुशी जताते हुए आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा:
"मैं सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह नवगठित अंतरिम फोरम कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के साथ-साथ संस्थान प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करेगा। यह टीम IIT (BHU) के समग्र विकास और प्रगति में अपनी सकारात्मक व रचनात्मक भूमिका निभाएगी।"