वाराणसी में लू की रफ्तार पर लगा ब्रेक, फिर भी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा काशी; जानें कब होगी बारिश
प्रयागराज 44.4 डिग्री के साथ नंबर वन पर, वाराणसी में पारा 43.4 पार; 27 अप्रैल से मौसम बदलने के आसार
भदैनी मिरर, वाराणसी: धर्मनगरी काशी में पिछले पांच दिनों से जारी प्रचंड लू की रफ्तार में बृहस्पतिवार को कुछ कमी जरूर आई, लेकिन तपिश ने लोगों को बेहाल किए रखा। हवाओं की गति आधी होने के बावजूद वाराणसी उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। पहले स्थान पर प्रयागराज रहा, जहां का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आधी हुई लू की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बुधवार तक जहां गर्म हवाएं 30 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से चल रही थीं, वहीं बृहस्पतिवार को इनकी रफ्तार घटकर 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। हालांकि, दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच लू के थपेड़ों ने सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिया।
तापमान का गणित
-
अधिकतम तापमान: 43.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक)
-
न्यूनतम तापमान: 24.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक)
-
नमी का स्तर: 24% से 40% के बीच
येलो अलर्ट और बारिश की उम्मीद
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 24 अप्रैल को लू का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, 25 और 26 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। वहीं, आने वाले 27 से 29 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।