काशी में स्वास्थ्य क्रांति: कबीरचौरा बनेगा 'मिनी एम्स', 315 करोड़ से 500 बेड वाले सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का काम शुरू
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन, 8 मंजिला हाईटेक बिल्डिंग में मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
वाराणसी। काशी की स्वास्थ्य सेवाओं में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारते हुए वाराणसी के सुप्रसिद्ध श्री शिव प्रसाद गुप्त (SSPG) मंडलीय चिकित्सालय, जिसे कबीरचौरा अस्पताल के नाम से जाना जाता है, अब एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी हब बनने जा रहा है। रविवार को पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 315.48 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
1870 के दशक में स्थापित यह अस्पताल अब जर्जर हो चुके पुराने ढांचों को त्याग कर एक नई पहचान लेगा। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि यहाँ 8 मंजिला भव्य आठ मंजिला सुपर स्पेशलिटी भवन तैयार किया जाएगा। यह मात्र एक बिल्डिंग नहीं, बल्कि पूर्वांचल, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।
एक छत के नीचे मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं:
-
बेड क्षमता में विस्तार: वर्तमान 300 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 500 बेड किया जा रहा है।
-
क्रिटिकल केयर: गंभीर मरीजों के लिए 50 से अधिक ICU बेड और 100 से ज्यादा HDU बेड की व्यवस्था होगी।
-
किडनी रोगियों को राहत: 20 बेड का आधुनिक डायलिसिस सेंटर विकसित किया जाएगा।
-
स्पेशलाइज्ड यूनिट्स: हार्ट, कैंसर, न्यूरो, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी और गैस्ट्रोलॉजी जैसी जटिल बीमारियों का इलाज अब यहाँ सुलभ होगा।
-
चाइल्ड केयर: बच्चों के लिए समर्पित चाइल्ड यूनिट और अलग से ICU ब्लॉक बनाया जाएगा।
BHU पर कम होगा बोझ, 1 रुपये में होगा इलाज
अक्सर गंभीर बीमारियों के लिए मरीजों को बीएचयू (BHU) जाना पड़ता था, जहाँ भारी दबाव रहता है। अब कबीरचौरा में सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं मिलने से यह दबाव कम होगा। डॉ. तिवारी ने कहा कि यहाँ दिल और दिमाग जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज सरकारी दरों (मात्र 1 रुपये के पर्चे) पर होगा। अस्पताल में 600 से अधिक वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी।
समय और गुणवत्ता का सख्त निर्देश
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य "युद्ध स्तर" पर किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समय सीमा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल प्रशासन को भी निर्माण कार्य पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
भूमि पूजन के अवसर पर सीएमओ, सीएमएस, पार्षद संजय केशरी, संतोष सोलापुरकर, श्रवण गुप्ता, और भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग व अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।