हरिवंश नारायण सिंह का राहुल गांधी पर पलटवार, पूछा—कांग्रेस में LTTE के संपर्क में कौन था?
राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने के आरोपों पर राज्यसभा उपसभापति के तीखे सवाल; भीड़ के बीच जाने को प्रेरित करने वालों की पहचान करने की उठाई मांग
वाराणसी (भदैनी मिरर)। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के भीतर लिट्टे (LTTE) से जुड़े संपर्कों और राजीव गांधी को दिए गए भरोसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
LTTE संपर्कों और भरोसे को लेकर उठाए सवाल
हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि देश के सामने यह एक अहम प्रश्न है कि कांग्रेस के भीतर कौन लोग लिट्टे के संपर्क में थे और किसने राजीव गांधी को यह भरोसा दिलाया था कि लिट्टे से बातचीत हो चुकी है और उनकी ओर से कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पूछा कि राजीव गांधी के खिलाफ किसी हिंसक या शत्रुतापूर्ण गतिविधि न होने का आश्वासन किस आधार पर और किसने दिया था।
भीड़ के बीच जाने की सलाह देने वालों पर भी सवाल
राज्यसभा उपसभापति ने यह भी सवाल किया कि राजीव गांधी के करीबियों में कौन ऐसे लोग थे, जिन्होंने उन्हें भीड़ के बीच जाने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके मुताबिक, यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि किसने यह कहा था कि सरकार सुरक्षा अलर्ट के नाम पर उनकी लोकप्रियता कम करने की कोशिश कर रही है।
जांच और जवाबदेही की मांग
हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि उन लोगों की पहचान होनी चाहिए, जिन्होंने राजीव गांधी को इस तरह की सलाह दी थी। उन्होंने मांग की कि यदि इस पूरे मामले की जांच अब तक नहीं हुई है तो इसकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि देश की जनता को इस घटनाक्रम से जुड़े सवालों का जवाब मिल सके।