{"vars":{"id": "125128:4947"}}

'हनुमान अंश' फिल्म की टीम पहुंची काशी: बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन, सफलता के लिए जताया आभार

नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म की सफलता के बाद काशी विश्वनाथ दरबार पहुंचे अभिनेता शोभनिव सत्य, प्रशंसकों की उमड़ी भीड़।

 

भदैनी मिरर (मनोरंजन डेस्क)

 प्रसिद्ध नीम करौली बाबा के जीवन और महिमा पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' की स्टार कास्ट और मुख्य अभिनेता शोभनिव सत्य शुक्रवार को धर्मनगरी काशी पहुंचे। फिल्म को दर्शकों से मिली अपार सफलता के बाद पूरी टीम ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर महादेव का आभार व्यक्त किया।

काशी पहुंचकर महसूस हुई आध्यात्मिक ऊर्जा

शुक्रवार दोपहर बाद जब 'हनुमान अंश' की टीम काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण पहुंची, तो कलाकारों का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए टीम के सदस्यों ने कहा कि काशी की पावन धरा पर कदम रखते ही एक अलग आध्यात्मिक ऊर्जा और असीम शांति का अनुभव होता है। अभिनेता शोभनिव सत्य ने भावुक होते हुए कहा, "जीवन में हम जो कुछ भी हासिल करते हैं, वह सब भगवान शिवजी का ही दिया हुआ है। महादेव के आशीर्वाद से ही हम आज यहां तक पहुंचे हैं।"

प्रशंसकों की उमड़ी भीड़, गूंजे जयकारे

फिल्म में नीम करौली बाबा का मुख्य किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभनिव सत्य को जैसे ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने पहचाना, वहां उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का तांता लग गया। इस दौरान पूरा मंदिर प्रांगण 'हर-हर महादेव', 'जय श्रीराम' और 'जय हनुमान' के उद्घोष से गूंज उठा। शोभनिव सत्य ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और काशी की जनता के स्नेह व आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।

फिल्म की सफलता के लिए बाबा को दिया धन्यवाद

टीम के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता के बाद भगवान शिव को धन्यवाद अर्पित करने के उद्देश्य से की गई थी। दर्शन-पूजन के दौरान कलाकारों ने देश और समाज की सुख-समृद्धि के साथ-साथ अपनी आगामी फिल्मों के लिए भी बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद मांगा।