घमहापुर हत्याकांड: मनीष सिंह के परिजनों से मिले सांसद वीरेंद्र सिंह, बोले- 'कैबिनेट मंत्री के संरक्षण में बच रहे अपराधी, तुरंत हो कार्रवाई'
सांसद ने जिलाधिकारी से की पत्नी को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद देने की मांग, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
वाराणसी, भदैनी मिरर। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में हुई मनीष सिंह की नृशंस हत्या के मामले में अब राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को चंदौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री वीरेंद्र सिंह जी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया। सांसद ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड के अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
सत्ता और कैबिनेट मंत्री के संरक्षण का आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है। सांसद ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों और एक कैबिनेट मंत्री के संरक्षण के कारण आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी हो रही है। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता करार देते हुए कहा कि घटना के इतने दिन बाद भी अपराधियों का खुलेआम घूमना चिंताजनक है।
पत्नी को सरकारी नौकरी और सहायता की मांग
सांसद ने मौके से ही वाराणसी जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की। उन्होंने आग्रह किया कि चूंकि स्वर्गीय मनीष सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, इसलिए उनकी पत्नी को तत्काल सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए और परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार का पुनर्वास सरकार का नैतिक दायित्व है।
प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
सांसद वीरेंद्र सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उन पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो वह जनभावनाओं के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को जाति, धर्म या राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए और कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
इस दौरान क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में मनीष सिंह के लिए न्याय की आवाज उठाई।