वाराणसी हाईवे पर बेकाबू हुई गैस टैंकर: कांवरियों और दरोगा की कार समेत 3 वाहनों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
मिर्जामुराद में बड़ा सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त, एयरबैग खुलने से बची दरोगा की जान
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर (बांग्लाचट्टी) स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे इंडियन गैस के एक बेकाबू टैंकर ने कांवरियों की कार, एक दरोगा की गाड़ी और विधायक लिखी स्कॉर्पियो समेत तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और लगभग 5 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, गैस टैंकर प्रयागराज की दिशा से वाराणसी की तरफ जा रहा था। बांग्लाचट्टी के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और सबसे पहले कांवरियों से भरी कार में जोरदार टक्कर मारी। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, टैंकर ने छुट्टी पर जा रहे दरोगा की कार और फिर 'विधायक' लिखी स्कॉर्पियो को भी चपेट में ले लिया।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कांवरियों की कार में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी शिवम सोनी, सुरेंद्र सोनी, लवली गुप्ता, दिनेश सोनी और चित्रकूट के मोहित सोनी सवार थे, जो सुरक्षित हैं। और दूसरे कार में आजमगढ़ के जहानाबाद में तैनात उप-निरीक्षक लवकुश सोनकर छुट्टी लेकर अपने घर प्रयागराज जा रहे थे। दरोगा के अनुसार, दुर्घटना के समय कार के एयरबैग खुल जाने से उनकी जान बच सकी। जबकि तीसरी कार में वाराणसी के हरहुआ निवासी विकास दुबे अपने साथियों के साथ महाराष्ट्र के नासिक दर्शन के लिए जा रहे थे। गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन कांवरिया लेन पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया और थाने ले आई। घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मिर्जामुराद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर घंटों बाद यातायात सामान्य कराया।