{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में गंजारी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण का कार्य 75% पूरा, मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति का लिया जायजा, अवशेष कार्य मार्च-अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गंजारी स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि परियोजना का लगभग 75% कार्य पूरा हो चुका है, और बारिश के कारण रुके कार्यों को फिर से शुरू किया गया है। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवशेष कार्य निर्धारित समयावधि यानी मार्च-अप्रैल के मध्य तक पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ।


मार्ग चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा

मंडलायुक्त ने स्टेडियम को जोड़ने वाले मार्गों-हरसोस-सुईचक-गंगापुर मार्ग और रोहनियां-गंगापुर मार्ग-के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण किया।

हरसोस–सुईचक–गंगापुर मार्ग

अधिशासी अभियन्ता आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मार्ग में 7 मीटर बिटुमिनस चौड़ाई, दोनों ओर 2-2 मीटर KC ड्रेन और इंटरलॉकिंग टाइल्स का प्रावधान है। कुल 12 मीटर भूमि कार्य के लिए आवश्यक होगी।
पूर्व में चैनेज 0.700 से 1.700 किमी तक सर्विस रोड की योजना थी, लेकिन अब वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा वैकल्पिक पार्किंग स्थल प्रस्तावित होने के कारण पूरा मार्ग 0.000 से 3.050 किमी तक दो लेन समान रूप में विकसित किया जाएगा। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर चौड़ीकरण कार्य शेष पाया गया, जिसे तुरंत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


रोहनियां–गंगापुर मार्ग

इस मार्ग की कुल लंबाई 5.680 किमी है और इसे दो लेन में चौड़ा किया जा रहा है। निरीक्षण में पाया गया कि DBM (घने बिटुमिनस मैकाडम) कार्य पूर्ण हो चुका है। दो स्थानों पर CC (कंक्रीट सीमेंट) कार्य प्रगति पर है, और BC (बिटुमिनस कंक्रीट) कार्य शेष है। अधिशासी अभियन्ता को BC कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम निर्माण से जुड़े संस्थान के पदाधिकारी, लोकनिर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने कार्य की गुणवत्ता, समयसीमा और बाधाओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया।