{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: गंगा में मानकों की अनदेखी पर पुलिस का एक्शन, 6 नावें सीज और 6 नाविकों पर FIR दर्ज

दशाश्वमेध और भेलूपुर पुलिस का संयुक्त अभियान: ओवरलोडिंग और बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर कड़ा प्रहार

 
वाराणसी, भदैनी मिरर। धर्मनगरी काशी में गंगा की लहरों पर पर्यटकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले नाविकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रविवार को वाराणसी के दो प्रमुख पुलिस सर्किल—दशाश्वमेध और भेलूपुर—में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान मानकों के विपरीत नाव संचालन पाए जाने पर कुल 6 नावों को सीज कर दिया गया, जबकि 6 नाविकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
भेलूपुर सर्किल: अस्सी घाट पर सख्त कार्रवाई
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में रविवार को गंगा में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पाया गया कि कई नाविक बिना लाइफ जैकेट के पर्यटकों को गंगा की सैर करा रहे थे, जो सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है। 
कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसीपी ने बताया कि अस्सी चौकी प्रभारी रणजीत श्रीवास्तव की तहरीर पर 3 नावों को सीज किया गया है और 6 नाविकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 
दशाश्वमेध सर्किल: ओवरलोडिंग पर नकेल 
वहीं, दशाश्वमेध सर्किल में भी पुलिस और जल पुलिस की टीम सक्रिय दिखी। थाना प्रभारी संतोष सिंह और जल पुलिस प्रभारी सत्येंद्र ओझा ने संयुक्त रूप से नावों की जांच की। यहाँ भी लापरवाही का आलम दिखा, जिसके बाद 3 नावों को ओवरलोडिंग और बिना लाइफ जैकेट के संचालन के आरोप में सीज कर दिया गया। 
पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा में नौकायन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने (Overloading) और यात्रियों को लाइफ जैकेट न पहनाने वाले नाविकों को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।