{"vars":{"id": "125128:4947"}}

गैंगवार : हिस्ट्रीशीटर के घर पूर्व हिस्ट्रीशीटर के लोगों ने की फायरिंग, पांच नामजद व अज्ञात पर मुकदमा

पिछले साल पूर्व हिस्ट्रीशीटर बिज्जू यादव के घर हुई थी फायरिंग

 

इस बार फायरिंग के आरोपित व हिस्ट्रीशीटर गोविंद के घर हुई फायरिंग

वाराणसी, भदैनी मिरर। कोतवाली थाना क्षेत्रके रामघाट में हिस्ट्रीशीटर गोविंद यादव के घर पर शनिवार रात गोलियां चलीं। उस समय गोविंद अपने घर में था और पांच हमलावरों ने उसके घर आकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गालियां और धमकी देते हुए चले गये। जाते समय बदमाश खोखे बटोर ले गये। लेकिन एक खोखा रह गया, जिससे पुलिस ने कब्जे में लिया है। रात में अचानक गोलियों की आवाज सुनकर पूरा परिवार पीछे कमरे में छिप गया। 8-10 राउंड फायरिंग के बाद हमलावर भीड़ जुटते देख भाग निकले। मुहल्ले के लोग जुटे तो परिवार ने दरवाजा खोला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात देखी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उसके विरोधियों के लोकेशन और सुराग तलाशने में जुट गई। इस मामले में गोविंद यादव की मां सुमन यादव ने शनिवार को कोतवाली थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बतया कि रामघाट में उनके घर के बाहर पांच युवकों ने गोलियां चलाई। इसके बाद पांचों फरार हो गए। गोली चलाने की घटना गोविंद यादव के घर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

बताते हैं कि गोविंद यादव पिछले वर्ष होली पर दशाश्वमेध के मीरघाट पर पूर्व पार्षद व हिस्ट्रीशीटर विजय यादव उर्फ विज्जू के घर पर गोली चलाने के मामले में शामिल था। इस घटना में गोविंद और उसके दोस्त पूर्व पार्षद अंकित यादव समेत 20 युवकों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। गोविंद यादव की मां सुमन यादव ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 1.38 बजे उनके घर के बाहर पांच युवक पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गोविंद को बाहर बुलाने लगे। जब गोविंद घर से बाहर नही निकला तो युवकों ने पिस्टल से घर के बाहर करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग की और गालियां देने के साथ ही धमकी देते हुए चले गये। सीसीटीवी फुटेज से फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान आर्यन पाण्डेय, विकास साहनी, गोलू यादव, आनंद यादव के रूप में हुई। गोविंद की मां सुमन यादव का आरोप है कि चारों युवकों को घर पर भेज कर गोली चलवाने में मुख्य रूप से दशाश्वमेध निवासी शंभू साहनी भी शामिल था। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि सुमन यादव की तहरीर पर पांचों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर गोली चलाने वाले युवकों की तलाश कर रही है। बताते हैं कि पिछले साल पूर्व पार्षद और सपा नेता बिज्जू यादव उर्फ विजय यादव के यहां फायरिंग हुई थी। इस मामले में गोविंद एंड कम्पनी के खिलाफ रपट दर्ज है। अब उसी प्रद्विंद्विता में इस बार विरोधियों ने हमला कर दिया। बिज्जू यादव जिले के पूर्व हिस्ट्रीशीटर रहे शिव सरदार का रिश्तेदार बताया गया है। एक तरह से कहा जाय तो यह गैंगवार है। विजय यादव उर्फ विज्जू दशाश्वमेध क्षेत्र के पूर्व पार्षद और समाजवादी पार्टी के नेता रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह एक हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जून 2024 में, उनके आवास पर अंधाधुंध फायरिंग की एक बड़ी घटना हुई थी। इसमें उनके परिवार के छह लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने गोविंद यादव और उसके साथियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की थी।