{"vars":{"id": "125128:4947"}}

आदि केशव घाट से सामने घाट व गंगापार रेती तक जगमगाएंगे लाखों दीपक, 84 घाटों व 102 कुंडों-पोखरों पर मनेगा दीपोत्सव

केंद्रीय देव दीपावली महासमिति की पत्रकार वार्ता में संस्थापक-अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने दी तैयारियों की जानकारी, 1985 में 6 घाटों से हुई थी भव्य आयोजन की शुरुआत

 

भदैनी मिरर लोकल/धर्म-संस्कृति डेस्क, वाराणसी। काशी के विश्व प्रसिद्ध पर्व देव दीपावली के पावन अवसर पर आगामी 24 नवंबर 2026 को आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक और गंगापार रेती में भी लाखों दीपों की अलौकिक छटा बिखरेगी। गंगा घाटों के अतिरिक्त काशी के 102 से अधिक कुंडों, तालाबों-पोखरों, मंदिरों और मठों में भी भव्य रूप से दीपदान और दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय देव दीपावली महासमिति काशी के संस्थापक-अध्यक्ष पं. नारायण गुरु ने शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

84 घाटों पर समितियां व 15 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन

पं. नारायण गुरु ने बताया कि देव दीपावली के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए 84 घाटों पर समितियां बनाई गई हैं। इसके साथ ही गंगापार, सामने घाट और रामनगर घाट पर भी विशेष आयोजन होंगे। पूरे आयोजन के समन्वय के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी गठित की गई है, जिसमें शामिल हैं:

  • पं. नारायण गुरु, पं. नलिन नयन मिश्रा, प्रशांत शंकर व्यास, अजय शर्मा, अंकुर मेहरोत्रा, धनावती देवी, मनीष पाण्डेय, गोपाल शर्मा, विकास यादव, संतोष सोलापुरकर, रोशन गुजराती, अशोक नेने, रत्नाकर त्रिपाठी, आर्यन पाण्ड्या और विनोद दवे।

1985 में 6 घाटों और 8 हजार दीपों से शुरू हुई थी परंपरा

पत्रकार वार्ता में देव दीपावली के विस्तार और इतिहास का उल्लेख करते हुए पं. नारायण गुरु ने बताया कि वर्ष 1985 में इसकी शुरुआत केवल छह घाटों—जटार घाट, राजा ग्वालियर घाट, बालाजी घाट, कोनिया घाट, बिंदु माधव घाट और गरवा घाट—से हुई थी, जहां उस समय लगभग 8,000 दीपक जलाए जाते थे।

  • 1986 से 1995 तक विस्तार: 1986 में यह आयोजन 10 घाटों तक पहुंचा, 1990 में समितियों के गठन के साथ इसका और विस्तार हुआ तथा वर्ष 1995 तक 78 घाटों पर देव दीपावली मनाई जाने लगी।

  • स्वर्गीय पं. वागीशदत्त मिश्र को श्रद्धांजलि: उन्होंने बताया कि 1996 में पं. वागीशदत्त मिश्र को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिन्होंने बाद में अध्यक्ष पद का भी निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन पर समिति ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

  • संत-महंतों व गणमान्य नागरिकों की सहभागिता: पूर्व में होने वाली बैठकों और आयोजनों में संकट मोचन मंदिर के पूर्व महंत स्वर्गीय वीरभद्र मिश्र, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, सतुआ बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर यमुनादास महाराज, हथियाराम मठ के महंत भवानीनंदन यति जी तथा स्वर्गीय हरि प्रसाद अग्रवाल सहित काशी के गणमान्य नागरिकों व प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता रही है।

गंगापार रेती से लेकर मध्य प्रदेश के नर्मदा तट तक पहुंचा पर्व

पं. नारायण गुरु ने बताया कि वर्ष 2011 में आनंद सिंह, के. एन. सिंह, अशोक पटेल, छोटे लाल प्रधान और साधन प्रधान आदि के सहयोग से गंगापार रेती में भी देव दीपावली की शुरुआत की गई, जो आज भी निरंतर जारी है। इसके अलावा वर्ष 2014 से मध्य प्रदेश के नर्मदा तट पर अमरकंटक, उद्गम स्थल व महाकाल सहित पांच-छह प्रमुख स्थलों व मंदिरों पर भी आरती एवं दीपदान की परंपरा शुरू की गई, जो इस वर्ष भी आयोजित हो रही है।

पत्रकार वार्ता में पं. नरेंद्र पाण्डेय, अशोक नेने, संतोष सोलापुरकर, गिरीश पाण्डेय और रवि रौशन मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।