{"vars":{"id": "125128:4947"}}

चार चोरों ने मिलकर चुराया था ट्रैक्टर और बोलेरो, एक गिरफ्तार और तीन फरार

सिंधोरा पुलिस ने चक्रमा मोड़ से किया गिरफ्तार, फरार तीन साथियों की तलाश

 

सारनाथ और सिंधोरा थाना क्षेत्रों से चुराये गये थे दोनों वाहन

वाराणसी, भदैनी मिरर। सिंधोरा थाने की पुलिस ने चक्रमा मोड़ के पास से चोरी के कल्टीवेटर पावरट्रैक ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन को बरामद कर चोरी में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरफ्तारी से पहले वाहन में सवार उसके तीन साथी भाग निकले। गौरतलब है कि कल्टीवेटर समेत ट्रैक्टर 24 नवम्बर को नाथपुर से चोरी हुई थी। उसके एक दिन पहले बोलेरो चोरी की गई थी। 

चोरी के वाहन के साथ पकड़ा गया विवेक यादव उर्फ राहुल सिंधोरा क्षेत्र के ही रूपचंदपुर गांव का निवासी है। पूछताछ के विवेक ने बताया कि बोलेरो चालक पलहीपट्टी का रहनेवाला विनीत यादव था। इसके अलावा मरूई गांव का सोनू चौरसिया और एक अन्य व्यक्ति साथ में थे, जो मौके से भाग निकले हैं। पुलिस ने बताया कि चारो ने मिलकर 25 नवम्बर को सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गोला से बोलेरो चोरी किया था। चालान एप के माध्यम से वाहन स्वामी के बारे में जानकारी हुई।

इससे पहले 24 नवम्बर की रात नाथूपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर (इंजन एवं कल्टीवेटर सहित) को चोरी किया था। विवेक ने पुलिस को बताया कि वह सभी वाहन चोरी कर उन्हें औने-पौने दाम पर बेचते हैं। उससे मिली धनराशि को आपस में बराबर बांटकर खर्च करते हैं। वे चोरी का ट्रैक्टर बनारस शहर में बेचने जा रहे थे, तभी पकड़ लिया गया।