{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में हंगामा करने वाला विदेशी नागरिक मानसिक चिकित्सालय में भर्ती, सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए दूतावास से संपर्क

काशी की सड़कों पर असामान्य व्यवहार और उपद्रव करने पर पुलिस ने लिया एक्शन; मेडिकल जांच के बाद कराया गया भर्ती, प्रक्रिया शुरू।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): धर्मनगरी वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पिछले कुछ दिनों से हंगामा व असामान्य व्यवहार कर रहे एक विदेशी नागरिक को स्थानीय पुलिस ने सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस प्रशासन द्वारा उसकी सेहत की लगातार निगरानी की जा रही है, साथ ही उसके सुरक्षित स्वदेश वापसी की कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

सार्वजनिक स्थानों पर कर रहा था असामान्य हरकतें

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त विदेशी पर्यटक पिछले कुछ दिनों से वाराणसी शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर असामान्य गतिविधियां और उपद्रव कर रहा था। उसकी इस हरकत से सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और स्थानीय लोगों व पर्यटकों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए विदेशी नागरिक को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया और त्वरित रूप से उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया।

चिकित्सकीय जांच के बाद भेजा गया अस्पताल

डॉक्टरों द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण में मानसिक स्थिति ठीक न पाए जाने पर उसे बेहतर इलाज और देखरेख के लिए वाराणसी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

संबंधित दूतावास से किया गया संपर्क

एसीपी कोतवाली ने आगे बताया कि विदेशी नागरिक की पहचान और उसके पासपोर्ट व वीजा संबंधी दस्तावेजों की पुष्टि की जा रही है। उसकी सुरक्षित वत वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित देश के दूतावास (Embassy) से संपर्क स्थापित किया गया है। कूटनीतिक और प्रशासनिक कागजी कार्रवाई पूरी होते ही उसे उसके देश भेजने का प्रबंध किया जाएगा।