ट्रॉमा सेंटर में हंगामा और सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई करने वाली महिला के खिलाफ FIR दर्ज, प्रशासन ने वायरल वीडियो पर दी सफाई
कतार तोड़कर मरीज को दिखाने की जिद और हंगामे के मामले में नया मोड़, सुरक्षाकर्मियों ने केवल अपनी आत्मरक्षा की थी
वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित ट्रॉमा सेंटर परिसर में बीते दिनों हुए हंगामे और सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। ट्रॉमा सेंटर प्रशासन की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस घटना के संबंध में संबंधित महिला के विरुद्ध थाना लंका में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी गई है। साथ ही प्रशासन ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को आंशिक और भ्रामक करार दिया है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
ट्रॉमा सेंटर के हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर से प्राप्त विवरण के मुताबिक, घटना 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे की है। ऑर्थोपेडिक ओपीडी में एक महिला ने निर्धारित कतार को तोड़कर एक मरीज को जबरन जल्दी दिखाने का प्रयास किया। जब वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और सिविल सुरक्षा गार्डों ने उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी, तो महिला उग्र हो गई और परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला सुरक्षाकर्मियों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने समझाने के बाद महिला को बाहर ले जाने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान जिस व्यक्ति को वह मरीज बता रही थी, उसने भी महिला को अपना परिचित मानने से साफ इंकार कर दिया और बताया कि महिला ने उससे ट्रॉमा सेंटर में जल्दी दिखवाने का झांसा दिया था।
चौकी पर भी जारी रहा हंगामा और हाथापाई
मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को नगवा पुलिस चौकी ले गई। आरोप है कि चौकी पर भी महिला का उग्र व्यवहार जारी रहा और उसने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों व पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की। इस दौरान उसने तबीयत खराब होने का नाटक भी किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे वापस ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी लाए। यहां चिकित्सकीय परीक्षण और प्राथमिक उपचार के बाद उसे जाने दिया गया।
लेकिन इसके कुछ देर बाद महिला दोबारा ट्रॉमा सेंटर परिसर पहुंची और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ फिर से हिंसक व्यवहार करते हुए हाथापाई करने लगी। अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और खुद को बचाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक कदम उठाने पड़े। इस मामले में पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सपनिल और सुरक्षा गार्ड हैदर खान का भी चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
"महिला मरीज नहीं थी, वायरल वीडियो भ्रामक"
घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और सामग्रियां तेजी से प्रसारित हो रही हैं, जिनमें केवल चुनिंदा दृश्यों को दिखाकर यह आभास कराया जा रहा है कि किसी मरीज के साथ मारपीट की गई है।
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए ट्रॉमा सेंटर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला मरीज नहीं थी, और न ही सुरक्षाकर्मियों द्वारा किसी वास्तविक मरीज के साथ कोई मारपीट की गई है। प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो घटना के वास्तविक संदर्भ और उसके पहले-बाद के क्रम को छिपाकर केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। किसी भी घटना का आकलन उसके संपूर्ण तथ्यों के आधार पर ही किया जाना चाहिए। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।