{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में शराब पर 'त्यौहारी वसूली': 90 की बोतल के मांगे 150 रुपए, विरोध करने पर ग्राहक का सिर फोड़ा

चोलापुर के आयर बाजार स्थित देशी शराब ठेके पर ओवर रेटिंग को लेकर बवाल; ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

 

भदैनी मिरर, वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के आयर बाजार स्थित देशी शराब के ठेके पर रविवार सुबह ओवर रेटिंग और 'त्यौहारी वसूली' को लेकर जमकर बवाल हो गया। दीपावली के नाम पर तय कीमत से 60 रुपए अधिक मांगने और विरोध करने पर सेल्समैन ने ग्राहक का सिर फोड़ दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ठेके के सामने धरना देकर भोजूबीर-सिंधोरा मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

त्यौहारी के नाम पर मांगे 60 रुपये ज्यादा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम औरा (चोलापुर) निवासी गजानंद कुमार रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच आयर बाजार स्थित देशी शराब के ठेके पर शराब खरीदने पहुंचे थे। आरोप है कि ठेके पर तैनात सेल्समैन रवींद्र कुमार 90 रुपए वाली देशी शराब की बोतल के लिए दीपावली की 'त्यौहारी' के नाम पर 150 रुपए मांग रहा था।

जब गजानंद ने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो सेल्समैन आग बबूला हो गया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद सेल्समैन ने गाली-गलौज करते हुए गजानंद पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में गजानंद के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनका खून बहने लगा।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम

घटना की जानकारी जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीण और औरा के लोग बड़ी संख्या में ठेके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर धरना दे दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि आयर बाजार स्थित इस ठेके पर नियमों को ताक पर रखकर 24 घंटे अवैध रूप से शराब बेची जाती है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग पर ठेकेदार से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही की शह पर यह मनमानी चल रही है।

पुलिस बोली - जांच कर हो रही कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक (एसओ) चोलापुर एस.आर. गौतम ने बताया कि 90 रुपए की शराब के 150 रुपए मांगने पर विवाद हुआ था। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।