{"vars":{"id": "125128:4947"}}

काशी में 'एक पेड़ मां के नाम': 95 बटालियन CRPF और सृजन न्यास ने चलाया बृहद स्वच्छता व वृक्षारोपण अभियान

शिवपुर संस्कृत महाविद्यालय परिसर में रोपे गए फलदार और छायादार पौधे; पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता की दिलाई गई शपथ

 

वाराणसी, भदैनी मिरर।

 पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 95 बटालियन सी०आर०पी०एफ० (CRPF) के कमांडेंट के दिशा-निर्देशन एवं 'सृजन सामाजिक विकास न्यास' के सहयोग से वाराणसी में एक वृहद स्वच्छता एवं सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।

यह आयोजन शिवपुर स्थित श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जिसकी अगुवाई गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष पर्यावरणविद श्री अनिल कुमार सिंह ने की।

"पर्यावरण संरक्षण के बिना स्वस्थ जीवन संभव नहीं"

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि कुमार सिंह, I.F.S. (C.F. वन विभाग) ने आश्रम परिसर में उपस्थित सभी लोगों को कम से कम एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी सौंपी। मुख्य अतिथि ने स्वयं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधा रोपित करते हुए कहा, "पर्यावरण की रक्षा करना केवल सरकार या किसी संस्था का काम नहीं है, बल्कि यह पूरे काशीवासियों और देशवासियों की नैतिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ पर्यावरण के बिना एक स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 95 बटालियन CRPF के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर ने इस पावन मुहिम में समाज के हर वर्ग को जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, अतिथियों और समाजसेवियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

स्वच्छता, जल व पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ

आयोजन के दौरान पर्यावरणविद अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। संस्था के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महाविद्यालय और आश्रम परिसर को हरा-भरा तथा सुंदर बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं सुगंधित फूलों के पौधे रोपे गए हैं।

संत, महंत और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद

इस पुनित कार्य में धर्म, प्रशासन और सुरक्षा बलों की अनोखी सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शंकर पुरी जी महाराज (पीठाधीश्वर एवं महंत, श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर, वाराणसी), विवेक भारती महाराज (श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी, शिवाला घाट, वाराणसी), निधि चौहान, I.F.S. (D.F.O. वाराणसी), राजेश्वर एस. बालापुरकर (कमांडेंट, 95 बटालियन CRPF), आशीष कुमार चौहान (NDRF वाराणसी), परमानंद सिंह (उप निरीक्षक, संस्कृत पाठशालाएं पंचम मंडल, वाराणसी) इसके अलावा निरीक्षक निरंजन कुमार सिंह, दशरथ गोंड के साथ CRPF और NDRF के जवानों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर वृक्षारोपण एवं परिसर की सफाई में अपना बहुमूल्य योगदान दिया।