Eid 2026: आसमान में चाँद दिखते ही Varanasi में आतिशबाजी शुरु, कल मनाई जाएगी ईद-उल-फितर
मौलाना खालिद रशीद की अपील—सड़कों पर न पढ़ें नमाज, तय स्थानों पर ही अदा करें; बाजारों में बढ़ी रौनक
लखनऊ/वाराणसी। रमजान के पवित्र महीने के समापन के साथ शुक्रवार को Lucknow और Varanasi में ईद का चांद नजर आने की पुष्टि हो गई। इसके साथ ही शनिवार को ईद-उल-फितर मनाने का ऐलान कर दिया गया है।
चांद दिखने की तस्दीक के बाद शहर भर की मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां तेज हो गई हैं। खासकर ऐशबाग ईदगाह समेत प्रमुख नमाज स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
मौलाना की अपील—गाइडलाइन का करें पालन
Islamic Centre of India के अध्यक्ष Maulana Khalid Rasheed ने बताया कि 29 रमजान को चांद नजर नहीं आया था, जिसके बाद शुक्रवार को चांद दिखने की पुष्टि हुई।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद की नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा करें और प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। साथ ही स्पष्ट कहा कि सड़कों पर नमाज न पढ़ें।
चांद दिखते ही जश्न का माहौल
चांद नजर आने के साथ ही शहर में जश्न का माहौल बन गया। कई इलाकों में आतिशबाजी की गई और लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई देना शुरू कर दिया। ईद से एक दिन पहले बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। कपड़े, सेवइयां, मिठाइयों और अन्य सामान की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में बाजारों में पहुंचे।मुस्लिम बहुल इलाकों में खास रौनक देखने को मिली, जहां लोग एक-दूसरे से गले मिलकर और सोशल मीडिया, फोन व मैसेज के जरिए मुबारकबाद दे रहे हैं।
ईद के चांद की खबर मिलते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग पोस्ट, स्टेटस और मैसेज के जरिए एक-दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं।
कल मनाई जाएगी ईद-उल-फितर
अब शनिवार को पूरे प्रदेश में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट है।