मिर्जामुराद में पति समेत 7 लोगो के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
छह वर्ष पूर्व हुई थी शादी, पति पर शराब पीकर मारने पीटने का आरोप
पति, सास, श्वसुर, दो जेठ और दो जेठानियों के खिलाफ की शिकायत
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद थाना में सोमवार को अपर पुलिस आयुक्त के आदेश पर पति, सास-श्वसुर समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
अरका कंसरायपुर की रेखा बिंद का आरोप है कि 6 वर्ष पूर्व उसकी बड़ागांव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव के बृजेश बिंद से शादी हुई। शादी के कुछ दिन बाद से पति शराब के नशे में मारते पीटते और प्रताड़ित करते थे। दहेज में 5 लाख रुपये की मांग की जाती थी। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का विरोध करने पर उसे और प्रताड़ित किया जाने लगा। शादी के पांच साल बाद ससुरालवालों ने उसे मायके ले जाकर छोड़ दिया।
कई बार पंचायत हुई। बाद में मिडिएशन अधिकारी के कहने पर पुनः जून 2025 में ससुराल गई। 20 दिन बाद ही पति शराब पीकर मारने पीटने लगा और फिर से 5 लाख की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर पीड़िता ने अपने भाई को बुलाकर माइके चली गई। पुलिस ने इस मामले में पति बृजेश बिंद, सास, श्वसुर, दो जेठ और दो जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।