मणिकर्णिका घाट पर बारिश से पूर्व रिटेनिंग वॉल का निर्माण पूरा करने का DM ने दिया निर्देश
पुनर्विकास कार्यों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
वाराणसी, सूचना विभाग। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को संत कबीर प्राकट्य स्थल, मणिकर्णिका घाट, हरिश्चंद्र घाट तथा दुर्गाकुंड स्थित धर्म संघ आश्रम सहित विभिन्न स्थलों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, कार्यों की प्रगति तथा समयबद्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
संत कबीर प्राकट्य स्थल के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर ने अवगत कराया कि बाउंड्रीवाल, कबीर स्मारक स्थल का नवीनीकरण, समागम हाल का रिनोवेशन एवं प्रवेश द्वार का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष कार्यों- जैसे टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग, प्लेटफार्म, लाइटिंग, लैंडस्केपिंग एवं वाटर कियोस्क पर कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग चौड़ीकरण एवं प्राकृतिक नाले से अतिक्रमण हटाने के संबंध में रिपोर्ट तलब की। मणिकर्णिका घाट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बारिश से पूर्व रिटेनिंग वॉल का निर्माण हर हाल में पूरा कर लिया जाए। वहीं हरिश्चंद्र घाट पर पुराने सीवरेज पाइपलाइन को बदलने के लिए नगर निगम को एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया।
दोनों घाटों पर शवदाह गृह, शौचालय, वीआईपी प्रतीक्षा कक्ष, लकड़ी गोदाम, मुण्डन स्थल एवं चिमनी के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। दुर्गाकुंड स्थित धर्म संघ आश्रम में श्री मणि मंदिर सहित निर्माणाधीन भवनों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोला, सक्का, तेलियानाला, नया घाट, रानी, निषाद और प्रहलाद घाट पर चल रहे रेनोवेशन कार्यों का भी जायज़ा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।