{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Dipawali : काशी में हवा हुई जहरीली, दीपावली पर पिछले साल से 33 अंक अधिक पहुंचा AQI; सांस लेना 11 सिगरेट पीने जितना खतरनाक

मलदहिया और भेलूपुर में AQI 250 के पार, सांस के मरीजों के लिए बढ़ी मुश्किलें, महज 6 दिनों में 85 से उछलकर 224 पर पहुंचा प्रदूषण का स्तर

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। रोशनी और उत्साह के पर्व दीपावली पर इस बार काशी (वाराणसी) की आबोहवा पिछले साल के मुकाबले काफी खराब रही। इस बार दीपावली के दौरान शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले साल की तुलना में 33 अंक अधिक दर्ज किया गया। पिछले वर्ष जहां AQI 191 था, वहीं इस बार यह बढ़कर 224 पर पहुंच गया, जो लगभग 17.3% की वृद्धि को दर्शाता है। शहर के कुछ प्रमुख इलाकों में स्थिति और भी ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है।

मलदहिया और भेलूपुर में हालात सबसे खराब

नवंबर की शुरुआत के साथ ही काशी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। शहर के व्यस्त इलाकों जैसे मलदहिया और भेलूपुर में स्थिति बेहद गंभीर है, जहां AQI 250 के पार दर्ज किया गया। डॉक्टरों और विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।

महज 6 दिनों में तेजी से बढ़ा प्रदूषण

AQI कैलेंडर के आंकड़ों पर नजर डालें तो नवंबर की शुरुआत में हवा काफी हद तक साफ थी, लेकिन कुछ ही दिनों में प्रदूषण ने विकराल रूप ले लिया:

  1.  1 नवंबर: 81 (संतोषजनक)
  2. 2 नवंबर: 85 (संतोषजनक)
  3. 3 नवंबर: 132 (मध्यम)
  4. 4 नवंबर: 134 (मध्यम)
  5. 5 नवंबर: 138 (मध्यम)
  6. 6 नवंबर: 147 (मध्यम)
  7. 7 नवंबर: 175 (मध्यम)
  8. 8 नवंबर: 224 (खराब)

महज 6 दिनों के भीतर यानी 1 से 8 नवंबर के बीच AQI में 143 अंकों की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

एक दिन में 11 सिगरेट पीने जितना नुकसानदेह

मौसम वैज्ञानिकों और चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान समय में हवा में मौजूद प्रदूषण का स्तर इतना खतरनाक है कि इस हवा में सांस लेना एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए भी एक दिन में 11 सिगरेट पीने जितना नुकसानदेह साबित हो सकता है। दीपावली पर हुई भारी आतिशबाजी और लगातार बढ़ती धूल ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है।

सांस के मरीज बरतें विशेष सावधानी

विशेषज्ञों के अनुसार, 201 से 300 के बीच का AQI 'खराब' श्रेणी में आता है। इस लंबे समय तक संपर्क में रहने से स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।

 बीएचयू के टीवी एवं चेस्ट विभाग के पूर्व हेड प्रो. जीएन श्रीवास्तव ने बताया कि आतिशबाजी के कारण दीपावली के समय प्रदूषण का स्तर हमेशा बढ़ता है, लेकिन इस बार हवा सुधरने में अभी कुछ और वक्त लग सकता है।

  •  सावधानी: बच्चों, बुजुर्गों, और अस्थमा, हृदय तथा फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने और घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करने की सलाह दी गई है।