वाराणसी के अस्सी व भगवानपुर एसटीपी मार्ग पर मिली गंदगी: नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने जताई नाराजगी
शहर में सफाई व्यवस्था परखने रविवार को औचक निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त; अस्सी नाला परिसर और घाट मार्ग की पुलिया के पास की गई तत्काल सफाई
वाराणसी (भदैनी मिरर): शहर में स्वच्छता और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाराणसी के नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्सी घाट, अस्सी नाला परिसर और भगवानपुर क्षेत्र में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद मौके पर ही स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अस्सी नाला परिसर और घाट मार्ग की पुलिया के पास कराई गई सफाई
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त सबसे पहले अस्सी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से जुड़े अस्सी नाला परिसर पहुंचे। यहां काफी मात्रा में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और परिसर की तत्काल सफाई कराई। इसके उपरांत अस्सी घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के समीप भी कचरा व गंदगी दिखाई दी, जिसे मौके पर ही साफ करवाया गया।
भगवानपुर एसटीपी मार्ग पर गंदगी देख जताई नाराजगी
अस्सी क्षेत्र के बाद नगर आयुक्त भगवानपुर एसटीपी मार्ग का जायजा लेने पहुंचे। वहां रास्ते के किनारे फैली गंदगी को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को लगाकर तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई।
इस औचक निरीक्षण के दौरान जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह तथा ग्रामीण जल निगम के अधिशासी अभियंता आशीष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।