{"vars":{"id": "125128:4947"}}

महानिदेशक कारागार पी०सी० मीणा ने किया केन्द्रीय कारागार वाराणसी का निरीक्षण

कैदियों के कौशल और हस्तशिल्प की तारीफ, रामलीला रिहर्सल और बेकरी यूनिट का जायजा लेकर दिए जरूरी दिशा-निर्देश

 

वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): उत्तर प्रदेश के महानिदेशक कारागार (DG Jail) श्री पी०सी० मीणा ने बृहस्पतिवार, 03 सितंबर 2026 को केन्द्रीय कारागार वाराणसी का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण किया। कारागार के मुख्य द्वार पर पहुंचने पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री राधाकृष्ण मिश्र, जेलर श्री अखिलेश कुमार और डिप्टी जेलर श्री अखिलेश कुमार मिश्र ने महानिदेशक का गर्मजोशी से स्वागत किया।

काष्ठ कला उद्योग और बेकरी यूनिट की प्रशंसा

वरिष्ठ जेल अधीक्षक की अगवानी में महानिदेशक ने सर्वप्रथम जेल में संचालित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग का निरीक्षण किया। यहां बंदियों द्वारा बनाए जा रहे उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर और लोहे के सामानों को देखकर महानिदेशक ने कैदियों के हुनर की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने मग बनाने वाली पुरानी हाइड्रोलिक मशीन की जगह नई आधुनिक मशीन स्थापित करने के लिए मुख्यालय को तुरंत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात, उन्होंने जेल परिसर में कोल इंडिया द्वारा स्थापित इलेक्ट्रिक बेकरी मशीन का जायजा लिया और वहां बन रहे बिस्कुट व पावरोटी की गुणवत्ता को भी परखा।

आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और एम०सी०यू० रूम का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने स्वतंत्रता सेनानी हुतात्मा चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने कारागार में हाल ही में बनकर तैयार हुए नवनिर्मित एम०सी०यू० (MCU) रूम का गहन अवलोकन किया।

अस्पताल, दिव्यांग बैरक का जायजा और कैदियों से संवाद

महानिदेशक ने चक्र-3 स्थित अस्पताल वार्ड और दिव्यांग बैरक का दौरा किया। उन्होंने उपचाराधीन बंदियों से सीधी बातचीत कर उनकी सेहत और मुकदमों की स्थिति की जानकारी ली। बदलते मौसम के मिजाज को देखते हुए उन्होंने जेल प्रशासन को बीमारियों से बचाव और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।

रामलीला रिहर्सल का उठाया आनंद

नियंत्रण कक्ष के समीप स्थित राम मंदिर परिसर में जब बंदियों द्वारा आगामी रामलीला का रिहर्सल किया जा रहा था, तब महानिदेशक वहां कुछ समय के लिए रुके। उन्होंने 'परशुराम-लक्ष्मण संवाद' का मंचन कर रहे बंदी पात्रों के अभिनय और संवाद अदायगी की विशेष रूप से प्रशंसा की।

सुरक्षा और स्वच्छता देखकर जताया संतोष

सर्किल-4 में बंदियों की परेड की सलामी लेने के बाद महानिदेशक ने संपूर्ण जेल परिसर की साफ-सफाई, बंदियों को मिलने वाले भोजन की पौष्टिकता और जेल की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ चिकित्सीय परामर्शदाता श्री लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी श्री अभिषेक कुमार सिंह, डिप्टी जेलर श्री अमित कुमार वर्मा, श्री अशोक कुमार राय, श्री अयोध्या प्रसाद, श्री भोजराज, श्रीमती अमिता श्रीवास्तव सहित जेल के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।