{"vars":{"id": "125128:4947"}}

डिंपल यादव का सीक्रेट बनारस दौरा: बच्चों संग की बाबा कालभैरव की पूजा, दशाश्वमेध घाट पर निहारी गंगा आरती

सपा सांसद डिंपल यादव निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं काशी, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद स्थानीय नेताओं में मची खलबली, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज भी रहीं साथ

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का परिवार इन दिनों धर्मनगरी काशी में है। एक दिन पहले उनके बच्चों के वाराणसी पहुंचने के बाद, सोमवार शाम को सपा सांसद डिंपल यादव भी अचानक काशी पहुंच गईं। डिंपल यादव के इस औचक और निजी दौरे की भनक स्थानीय जिला और महानगर इकाई के पदाधिकारियों को भी नहीं थी। सोशल मीडिया पर कालभैरव मंदिर के परिक्रमा पथ से उनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में हलचल तेज हो गई और लोग एक-दूसरे को फोन मिला कर जानकारी जुटाने लगे।

बाद में लखनऊ से पुष्टि हुई कि डिंपल यादव एक निजी कार्यक्रम के तहत बनारस आई हैं। चर्चा है कि वे पार्टी के ही किसी खास नेता के परिवार में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने यहां पहुंची हैं, जिसके लिए उनके बच्चे पहले से ही बनारस में मौजूद थे।

बाबा कालभैरव के दरबार में लगाई हाजिरी

सांसद डिंपल यादव ने काशी पहुंचते ही सबसे पहले काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा कालभैरव के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। हालांकि, उनके पूरे रूट और अन्य मंदिरों की सूची को काफी गोपनीय रखा गया था, लेकिन कालभैरव मंदिर में उनकी मौजूदगी की खबर सोशल मीडिया के जरिए आम हो गई। इस दौरान उनके साथ मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद रहीं।

बच्चों ने ली गंगा आरती की अलौकिक अनुभूति

इससे पहले अखिलेश यादव की बेटियों—टीना व अदिति यादव और बेटे अर्जुन यादव ने विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली भव्य गंगा आरती का आनंद लिया। उन्होंने बजड़े (बड़ी नाव) पर सवार होकर काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों की अद्भुत खूबसूरती को निहारा।

गंगा सेवा निधि की विजिटर्स बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए टीना यादव ने भावुक संदेश लिखा:

"भगवती मां गंगा की आरती ने हमें मंत्रमुग्ध कर दिया। हम सभी को उनकी स्वच्छता के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। भगवती मां गंगा साक्षात मां का स्वरूप हैं।"

बनारसी कचौड़ी-जलेबी का स्वाद और साड़ियों की खरीदारी

धार्मिक और आध्यात्मिक शांति के बाद यादव परिवार ने बनारस के अल्हड़पन और स्वाद का भी लुत्फ उठाया। सपा नेता विष्णु शर्मा के साथ डिंपल यादव के बच्चों ने ठठेरी बाजार पहुंचकर बनारस की मशहूर कचौड़ी-जलेबी और कुल्हड़ वाली लस्सी का स्वाद चखा। इसके बाद, वे खजुरी स्थित सपा के पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी के आवास पर पहुंचे, जहां डिंपल यादव ने बनारसी साड़ियों की खरीदारी की।