{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: संपत्ति विवाद को लेकर लाठी-डंडे से तांडव, CCTV फुटेज वायरल

कैंट थाने में मुकदमा दर्ज, महिला के साथ गले में दुपट्टा कसकर हमला, कई लोग गंभीर घायल

 

वाराणसी। DIG कॉलोनी स्थित मकबूल आलम रोड पर संपत्ति विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। आरोप है कि अभिषेक सिंह उर्फ बड़े ने अपने बेटों आर्यवीर और रणवीर के साथ मिलकर भतीजे विश्वजीत सिंह, उनकी पत्नी, बच्चों तथा परिवार की महिलाओं पर हमला कर दिया। मारपीट का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में कैंट थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता डॉ. आभा सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक अमित सिंह की पत्नी डॉ. आभा सिंह ने कैंट थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 19 मार्च को उन्होंने पति के बड़े भाई अभिषेक सिंह द्वारा लगातार किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोप है कि यह बात पता चलते ही अभिषेक सिंह ने अगले ही दिन 20 मार्च की रात करीब 8:15 बजे अपने पूरे परिवार संग योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया।

“दुपट्टा गले में कसकर मारने की नीयत से घसीटा”

तहरीर के अनुसार, जब आभा सिंह, भतीजा विश्वजीत सिंह का परिवार और जेठानी नीलम सिंह घर पहुँचे, तो अभिषेक सिंह ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक सिंह ने उनके दुपट्टे को गले में कसकर घसीटा और जान से मारने की नीयत से हमला किया। जब सांस रुकने लगी तो घर की बहू ज्योति चिल्लाने लगी।

“ज्योति और उसके 3 साल के बच्चे पर भी हमला”

आरोप है कि अभिषेक सिंह के बेटे आर्यवीर व रणवीर ने बैट व रॉड से ज्योति और उसके बच्चे पर हमला किया। इसी बीच ज्योति की सास बीच-बचाव करने आईं तो उन्हें भी बैट और लोहे की रॉड से पीटा गया।

भतीजे विश्वजीत और उनके पिता पर कई वार

शिकायत में लिखा है कि जैसे ही विश्वजीत शोर सुनकर अंदर आए, अभिषेक, आर्यवीर, रणवीर और अभिषेक की पत्नी अनामिका ने मिलकर बैट, लोहे की रॉड, हाँकी स्टिक आदि से लगातार वार किए। विश्वजीत के पिता विराज सिंह और मानसिक रूप से बीमार बहन शिवांशी आए तो उन पर भी हमला किया गया।

बेहोशी की हालत में छोड़ भागे आरोपी

तहरीर में कहा गया कि आरोपी परिवार विश्वजीत और उनके पिता को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गया। जेठानी नीलम सिंह बाहर दौड़कर मदद के लिए चिल्लाईं, उसके बाद आसपास के लोग और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।