Dev Deepawali Varanasi: देव दीपावली पर 11,000 दीयों से जगमगाया बाबा कीनाराम स्थल, आस्था और अध्यात्म का दिखा संगम
आश्रम परिसर, समाधि स्थल और मुख्य द्वार को मिट्टी के दीपों व झालरों से सजाया गया, संतों व भक्तों ने सामूहिक दीप प्रज्वलित कर की लोक कल्याण और विश्व शांति की कामना
भदैनी मिरर लोकल/धर्म-संस्कृति डेस्क, वाराणसी। देव दीपावली (24 नवंबर 2026) के पावन अवसर पर अघोर परंपरा के प्रमुख केंद्र बाबा कीनाराम स्थल पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे आश्रम परिसर, समाधि स्थल और मुख्य द्वार को 11,000 मिट्टी के दीयों और आकर्षक झालरों से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आलोकित हो उठा।
संध्या होते ही संतों और श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक दीप प्रज्वलन
मीडिया प्रभारी संजय सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संध्या होते ही आश्रम के संतों, सेवकों और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। दीयों की सुनहरी आभा से जगमगाते परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।
विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ की गई विश्व शांति की कामना
दीपोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों ने लोक कल्याण और विश्व शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर 'हर-हर महादेव', 'बाबा कीनाराम' और पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के जयकारों से गूंजता रहा। इस पावन दीपोत्सव में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आए कई विदेशी भक्तों और अनुयायियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।