{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी जिला अस्पताल लैब में शराब पार्टी करने वाले 4 संविदाकर्मी बर्खास्त; टेक्नीशियन सस्पेंशन की संस्तुति
 

वायरल वीडियो के बाद जांच में 5 कर्मचारी दोषी, CMS ने DG Health को भेजी रिपोर्ट; लैब टेक्नीशियन का ट्रांसफर
 

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की लैब में कर्मचारियों द्वारा शराब पीने के वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच कमेटी ने 5 कर्मचारियों को दोषी पाया है, जिनमें से 4 संविदाकर्मियों को सेवा से हटा दिया गया है, जबकि लैब टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति की गई है।

वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप

बीते दिनों अस्पताल की लैब के अंदर शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में साफ तौर पर कर्मचारी लैब में बैठकर शराब पीते, सिगरेट पीते और टेबल पर नॉनवेज रखते नजर आए थे। इस घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

जांच में 5 कर्मचारी दोषी

मामले की जांच के लिए गठित कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में 5 कर्मचारियों को दोषी पाया। जांच के आधार पर 4 संविदाकर्मियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया। लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार के निलंबन की संस्तुति की गई। 

टेक्नीशियन का ट्रांसफर, DG Health को रिपोर्ट

अस्पताल के CMS डॉ. आर.एस. राम ने बताया कि लैब टेक्नीशियन का ड्यूटी स्थान बदल दिया गया है और उसे अन्य विभाग में भेजा गया है। साथ ही, निलंबन के लिए पूरी जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशक को भेज दी गई है।

मरीजों की जांच वाली लैब में लापरवाही

जिस लैब में यह घटना हुई, वहां मरीजों के खून, यूरिन सहित अन्य जरूरी जांच होती हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की लापरवाही सामने आने से स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं।
CMS के अनुसार, यह वीडियो उनके कार्यभार संभालने से पहले का बताया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

इस पूरे मामले के बाद अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं और कार्यस्थल पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी गई है।