मोंथा तूफान से काशी को मिली राहत, आज से तीन दिन तक बारिश का पूर्वानुमान
सूर्यास्त के बाद लगातार हुई बारिश से तापमान में गिरावट, खेतों में गीली हुईं धान की फसलें
Oct 28, 2025, 09:15 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। बंगाल की खाड़ी में उठे मोंथा चक्रवाती तूफान ने आखिरकार काशी को आठ महीने की प्रचंड गर्मी से राहत दिला दी। सोमवार को सूर्यास्त के बाद लगातार पांच घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं शहरवासियों ने लंबे समय बाद ठंडी हवाओं और नमी भरे मौसम का एहसास किया।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यानी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अब केवल पांच डिग्री का अंतर रह गया है।
शहर के डाफी, लंका, अस्सी, शिवपुर, सिंधौरा, कैंट, मंडुआडीह, रोहनिया और मैदागिन क्षेत्रों में शाम 6:30 बजे से लेकर रात 11 बजे तक झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया और गलियों में कीचड़ फैल गया।
हालांकि, बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं रोहनिया और मोहनसराय क्षेत्र के कई गांवों में धान की फसलें गीली हो गईं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में काटकर छोड़ी गई फसलें बारिश के कारण भीग गईं।
सोमवार की सुबह गंगा किनारे और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा — यह इस सीजन का पहला गहरा कोहरा बताया जा रहा है। बाबतपुर मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बारिश का आंकड़ा “ट्रेस” के रूप में दर्ज किया गया, यानी मामूली मात्रा में बारिश रिकॉर्ड हुई।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मोंथा चक्रवाती तूफान के कारण प्रदेश का मौसम पलटा है। 28 और 29 अक्टूबर को हल्की बारिश होगी, जबकि 30 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके बाद मोंथा धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा।