{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में कांवड़ यात्रा और ट्रैफिक सुधार के लिए सड़क पर उतरे CP मोहित अग्रवाल

Varanasi News: RTC स्कीम के तहत पुलिस कमिश्नर ने किया शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण, लापरवाही पर होगी वैधानिक कार्रवाई

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): आगामी श्रावण मास के दौरान बाबा विश्वनाथ की नगरी में आने वाले लाखों कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी पुलिस एक्शन मोड में है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त (CP) कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाई जा रही Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के तहत कई प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इन प्रमुख चौराहों और मार्गों का हुआ स्थलीय निरीक्षण

पुलिस आयुक्त ने बुधवार को शहर में प्रवेश करने वाले और कांवड़ यात्रा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले प्रमुख स्थलों की समीक्षा की, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • चाँदपुर चौराहा और बौलिया तिराहा

  • लहरतारा और कैण्ट स्टेशन मार्ग

  • चौकाघाट और आंध्रापुल

निरीक्षण के दौरान चाँदपुर से बौलिया तिराहे तक निर्माणाधीन सर्विस लेन के कार्य को देखा गया। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित विभाग को इस निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि सावन शुरू होने से पहले कांवड़ियों और आम नागरिकों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

अतिक्रमण और अवैध स्टैंड संचालकों की अब खैर नहीं

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए मातहतों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं:

  1. कांवड़ मार्गों पर किसी भी तरह का अवैध बस स्टैंड या अनधिकृत वाहन पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  2. सड़क और फुटपाथों पर ठेला-खुमचा या दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए

  3. चेतावनी के बाद भी दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

संवेदनशील स्थलों पर रहेगी अतिरिक्त फोर्स और ड्रोन से नजर

श्रावण मास में सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के लिए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टिव संकेतक, बैरिकेडिंग और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स (Emergency Help) की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों और खुराफाती तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय किया गया है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे ये आला अधिकारी इस बड़े स्थलीय निरीक्षण अभियान के दौरान पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) श्री प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) सुश्री लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात/रोहनियां) समेत संबंधित क्षेत्रों के टीआई और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।