वाराणसी कचहरी को बम से उड़ा देंगे... जिला जज को ई-मेल पर आई धमकी
पुलिस-प्रशासन अलर्ट, वकीलों और वादकारियों से कोर्ट परिसर को करवाया गया खाली
Updated: Feb 13, 2026, 13:35 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी स्थित कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी जिला जज के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर रात करीब 1:30 बजे प्राप्त हुई, जिसमें दोपहर डेढ़ बजे विस्फोट की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही न्यायिक प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। सुरक्षा कारणों से पूरे कचहरी परिसर को तत्काल खाली कराया गया। वकीलों, कर्मचारियों और वादकारियों को बाहर निकालकर चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कराई गई।
जिला जज संजीव शुक्ला ने इस गंभीर सूचना से बार पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए सभी मामलों में तारीख देने और परिसर खाली कराने का अनुरोध किया। इसके बाद दोनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी सक्रिय हो गए।
सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि जिला जज ने उन्हें और महामंत्री को अपने चैंबर में बुलाकर ई-मेल की जानकारी दी। इसके बाद सभी अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने चैंबरों और आसपास संदिग्ध वस्तुओं की स्वयं भी जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। दोपहर 12 बजे के बाद वकील और वादकारी धीरे-धीरे परिसर से बाहर निकलने लगे, वहीं गेट पर ही आम लोगों को प्रवेश से रोक दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।
उधर, साइबर सेल ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किस लोकेशन और किस माध्यम से भेजी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी तरह संतुष्टि नहीं हो जाती, तब तक कचहरी परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
बार पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की धमकियां न केवल न्यायिक व्यवस्था बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। प्रशासन से मांग की गई है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है और प्रशासन ने सभी से संयम बनाए रखने व सहयोग करने की अपील की है।