{"vars":{"id": "125128:4947"}}

एपेक्स हॉस्पिटल में सीओपीडी जागरूकता सत्र का आयोजन, विशेषज्ञों ने फेफड़ों की बीमारी के कारण, लक्षण और आईसीयू प्रबंधन पर दी जानकारी

"शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार से बेहतर जीवन" रही इस वर्ष की थीम; चेस्ट फिजीशियन डॉ. नवीन कुमार और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. साधना श्रीवास्तव ने साझा किए महत्वपूर्ण टिप्स

 

भदैनी मिरर हेल्थ डेस्क, वाराणसी। वाराणसी स्थित एपेक्स सुपरस्पैशलिटी हॉस्पिटल के श्वसन रोग एवं क्रिटिकल केयर विभाग तथा एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टिट्यूट के एनेस्थीसिया क्रिटिकल केयर एवं ओटी डिप्लोमा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व सीओपीडी दिवस (World COPD Day) के अवसर पर एक ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फेफड़ों की दीर्घकालिक अवरोधक बीमारी (COPD) के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

"शीघ्र पहचान और समय पर उपचार" है बेहतर जीवन की कुंजी

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एलाइड हेल्थकेयर डिप्लोमा फैकल्टी अनंत वर्मा ने इस वर्ष की थीम "शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार से बेहतर जीवन" पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय रहते बीमारी की पहचान कर लेने से मरीजों को गंभीर अवस्था में जाने से बचाया जा सकता है।

सत्र के मुख्य वक्ता, श्वसन एवं चेस्ट फिजीशियन डॉ. नवीन कुमार ने सीओपीडी (Chronic Obstructive Pulmonary Disease) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फेफड़ों की एक प्रगतिशील बीमारी है, जिसमें हवा का मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। इसके प्रमुख कारणों में:

  • लंबे समय तक धूम्रपान करना

  • वायु प्रदूषण (Pollution)

  • धूल-धुएं के संपर्क में रहना शामिल हैं।

डॉ. नवीन कुमार ने इसके प्रमुख लक्षणों जैसे—लगातार खाँसी रहना, साँस फूलना, सीने में जकड़न और सुबह के समय अधिक बलगम आना—के बारे में बताते हुए समय पर डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी।

सीओपीडी के आईसीयू प्रबंधन पर चर्चा

कार्यक्रम में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. साधना श्रीवास्तव ने गंभीर रूप से बीमार सीओपीडी रोगियों के आईसीयू (ICU) प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार क्रिटिकल स्टेज में मरीजों को वेंटिलेटर या अन्य जीवन रक्षक प्रणालियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला जाता है और अस्पताल के बाद उनकी देखभाल कैसे की जानी चाहिए।

इस ज्ञानवर्धक सत्र में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और हेल्थकेयर स्टूडेंट्स ने बड़ी संख्या में भाग लिया और फेफड़ों के स्वास्थ्य से जुड़ी आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।