वाराणसी में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: पेट्रोल, डीजल और CNG के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर बनारस जिला मुख्यालय पर जुटे कांग्रेसी; बोले— "चुनाव खत्म होते ही सरकार ने जनता को महंगाई के मोड़ में धकेला"
वाराणसी (भदैनी मिरर): देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हमलावर हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सम्मानित प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर सोमवार को वाराणसी जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय (कलेक्ट्रेट) पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति महोदय को संबोधित एक मांग पत्र जिला प्रशासन (एसडीएम) को सौंपा, जिसमें बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई है।
<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/bubjVpHnyeA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/bubjVpHnyeA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" title="YouTube video player" width="560">
चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई की मार: राघवेंद्र चौबे
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल (राजेश भाई) ने कहा कि चुनाव संपन्न होते ही सरकार ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। चुनावी मोड़ से बाहर आते ही सरकार ने जनता को महंगाई के दलदल में धकेल दिया है।
नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ सीएनजी (CNG), कमर्शियल गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों के दामों में बेतहाशा वृद्धि की गई है। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की सभी आवश्यक वस्तुएं और घरेलू सामान महंगे हो गए हैं, जिससे आम जनमानस का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस हमेशा जनता के हक की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती रहेगी।
$20 प्रति बैरल कच्चे तेल के दौर में भी देश को लूटा गया: संजीव सिंह
कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह ने केंद्र सरकार और मुख्यधारा की मीडिया पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, "जब चुनाव चल रहे थे, तब प्रधानमंत्री देश की आर्थिक स्थिति को 'सब चंगा सी' बता रहे थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही रोना रोया जा रहा है। साल 2015 के दौर में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम मिनरल वाटर से भी कम ($20 प्रति बैरल) हो गए थे, तब भी देश की जनता को ₹90 से ऊपर पेट्रोल-डीजल बेचा गया।"
संजीव सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी के नाम पर जनता से ₹31 लाख करोड़ वसूले। रूस से जो तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार से कम कीमत पर आया, उसका फायदा देश के आम नागरिकों को देने के बजाय अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपति मित्रों को दिया गया। वही तेल पड़ोसी देशों (नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका) में ₹35 से ₹40 लीटर बिका, जबकि भारत की जनता को महंगे दामों पर लूटा गया।
आत्मनिर्भरता का नारा देकर पल्ला झाड़ रही सरकार: महिला कांग्रेस
प्रदर्शन में शामिल महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अनुराधा यादव व अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री खुद लगातार विदेश यात्राएं कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश की जनता से तेल, सोना और गाड़ियों का इस्तेमाल कम करने की नसीहत दे रहे हैं।
महिला नेताओं ने कोरोना काल की याद दिलाते हुए कहा कि संकट के समय जनता को ऑक्सीजन और इंजेक्शन के लिए तड़पने को छोड़ दिया गया और अब महंगाई के दौर में 'आत्मनिर्भर' बनने का खोखला नारा देकर सरकार अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही है। टैक्स और पीएम केयर्स फंड के पैसे का इस्तेमाल जनता के हित में करने के बजाय प्रचार-प्रसार और सांगठनिक ऐश-ओ-आराम में किया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक वाहनों पर क्या बोली कांग्रेस?
जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इलेक्ट्रॉनिक वाहनों (EV) के बढ़ते चलन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विकास विरोधी नहीं है। अगर नई तकनीक जनसुविधा के लिए है, तो उसका स्वागत है, लेकिन इसकी आड़ में उन लाखों डीजल-पेट्रोल गाड़ियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता जो आज मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों की रोजी-रोटी का जरिया हैं।
एसडीएम ने दिया सही पटल पर पत्र भेजने का आश्वासन
कांग्रेस के इस व्यापक प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद एसडीएम साहब ने लिया। उन्होंने कांग्रेसी पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और ज्ञापन को अविलंब सही स्थान (महामहिम राष्ट्रपति कार्यालय) तक भेज दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी, विधि प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक मोर्चा, आरटीआई सेल और पार्षद दल सहित तमाम वरिष्ठ कांग्रेस जन और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।