काशी में मां गंगा की पावन गोद में विसर्जित हुआ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव स्व. सूरज हेगड़े का अस्थि कलश,
वैदिक मंत्रोच्चारण और सनातन परंपरा के साथ मैदागिन से दशाश्वमेध तक शोक की लहर; महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे बोले— राहुल गांधी के बेहद करीबी और समर्पित नेता थे हेगड़े
भदैनी मिरर, वाराणसी: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव और कर्नाटक सरकार में दर्जा प्राप्त पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सूरज हेगड़े के आकस्मिक निधन से पूरे देश के कांग्रेस परिवार में शोक व्याप्त है। उनके असामयिक प्रस्थान को संगठन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। इसी क्रम में, शुक्रवार को स्व. सूरज हेगड़े के परिजन उनका अस्थि कलश लेकर मोक्ष नगरी काशी पहुंचे। यहाँ सनातन परंपरा के अनुसार विद्वान ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच मां गंगा की पावन गोद में उनका अस्थि विसर्जन संपन्न हुआ।
इस दौरान घाट पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और परिजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। अस्थि विसर्जन के समय पूरा माहौल बेहद भावुक और शोक संतप्त नजर आया।
राहुल गांधी के बेहद करीबी और कर्मठ नेता थे सूरज हेगड़े: राघवेंद्र चौबे
अस्थि विसर्जन के दौरान परिजनों के साथ मौजूद रहे वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने स्व. सूरज हेगड़े को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय सचिव सूरज हेगड़े जी का निधन केवल कांग्रेस पार्टी के लिए ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। वे एक बेहद समर्पित, कर्मठ और दूरदर्शी राजनेता थे।"
राघवेंद्र चौबे ने उनके सफर को याद करते हुए आगे कहा कि हेगड़े जी ने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी। अपनी कड़ी मेहनत, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और बेहतरीन नेतृत्व क्षमता के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय प्रभारी सहित संगठन के कई महत्वपूर्ण और बड़े दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सबसे विश्वासपात्र नेताओं में से एक थे और राहुल गांधी जी के बेहद करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व हमेशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाला रहा।
बाबा विश्वनाथ से की गई आत्मा की शांति की प्रार्थना
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वाराणसी सहित पूरे देश का कांग्रेस कार्यकर्ता इस गहरे दुख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ जी और मां गंगा से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में उत्तम स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति व संबल दें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्व. सूरज हेगड़े के बताए आदर्शों पर चलकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया।
अस्थि विसर्जन में ये लोग रहे मौजूद
इस भावुक क्षण पर स्वर्गीय हेगड़े के पारिवारिक सदस्यों के साथ वाराणसी कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य रूप से:
-
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे
-
युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा
-
रोहित दुबे
-
किशन यादव
-
विनीत चौबे
-
परवेज ख़ान
-
अनुभव राय
-
रामजी गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने घाट पर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि दी।