{"vars":{"id": "125128:4947"}}

CM योगी बोले- वाराणसी में रोप-वे का किराया हो तार्किक, दालमंडी सड़क चौड़ीकरण में तेजी और धरोहर संरक्षण के निर्देश

सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक, घाटों पर निर्माण कार्य तेज करने और अमृत-2 योजनाओं की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश


 

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। Yogi Adityanath ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोदौलिया पर निर्माणाधीन रोप-वे का किराया तार्किक रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।


घाटों और धरोहरों के संरक्षण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों में मैनपावर बढ़ाकर तेजी लाने को कहा। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का हर हाल में संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यों की सघन मॉनिटरिंग हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


दालमंडी सड़क चौड़ीकरण में तेजी

मुख्यमंत्री ने उचित मुआवजा वितरित कर दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही शहर में सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़ी अमृत-2 योजना के कार्य व्यवस्थित ढंग से कराने को कहा।

निर्देश दिए गए कि निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर कराई जाए और बेतरतीब कार्य न हों।


स्वच्छता, वेंडिंग ज़ोन और स्ट्रीट डॉग सेंटर

शहर की स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों के उपयोग पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने उपयुक्त स्थलों पर व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन विकसित करने और कान्हा उपवन एवं स्ट्रीट डॉग सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने विद्युत तारों की अंडरग्राउंड केबलिंग मानक के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा गर्मी के मौसम में पेयजल संकट न होने देने के निर्देश दिए।


17 हजार करोड़ की 74 परियोजनाएं प्रगति पर

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की 74 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गौतस्करी के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की। एडीजी जोन पियूष मोर्डिया ने मिशन शक्ति, अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई और आगामी पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों की जानकारी दी।