{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में गरजे सीएम योगी: 'सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, युद्धस्तर पर पूरा करें PWD के कार्य'

मुख्यमंत्री ने बनारस में 7175 करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश; चंदौली इंटीग्रेटेड कोर्ट और यूनिटी मॉल के काम में तेजी लाने को कहा।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को धर्मनगरी वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस सभागार में उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ एक हाई-लेवल बैठक की, जिसमें मंडल की प्रगतिशील और आगामी परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में निर्देशित किया कि सड़कों के निर्माण कार्य में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मानसून की दस्तक से पहले सभी चिन्हित परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।

वाराणसी परिक्षेत्र में ₹7175 करोड़ की योजनाएं गतिमान

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में वर्तमान में ₹7,175 करोड़ की कुल 2,630 परियोजनाएं चालू हैं। इनमें से 687 कार्य शत-प्रतिशत पूरे हो चुके हैं, जबकि 542 कार्यों का 90 फीसदी हिस्सा पूरा कर लिया गया है। अकेले वाराणसी जिले की बात करें, तो यहां ₹3,223 करोड़ की लागत से 421 विकास कार्य गतिमान हैं, जिनमें से 85 कार्य पूरी तरह संपन्न और 158 कार्य अंतिम चरण (90% पूर्ण) में हैं।

सीएम योगी की अफसरों को दो टूक: टेंडर प्रक्रिया में न हो कोई वेटिंग

मुख्यमंत्री ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, "जब भी कार्ययोजना तैयार हो, धन स्वीकृति के साथ ही टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो जानी चाहिए। किसी भी फाइल को वेटिंग में न रखा जाए।" उन्होंने कमिश्नर और जिलाधिकारियों को अपने स्तर पर नियमित बैठकें कर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम ने विशेष निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत से पहले उनका सटीक सर्वे कराया जाए और नगरीय क्षेत्र की सड़कों की जिम्मेदारी नगर निगम संभाले। साथ ही, विकास कार्यों में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।

चंदौली कोर्ट कॉम्प्लेक्स और यूनिटी मॉल की प्रगति रिपोर्ट

बैठक में मुख्यमंत्री ने चंदौली में बन रहे 'इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स' के बारे में भी जानकारी ली। अभियंताओं ने बताया कि इसका 18 फीसदी काम पूरा हो चुका है। सीएम ने इस प्रोजेक्ट में भी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। इसके अलावा, वाराणसी में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जाने वाले 'यूनिटी मॉल' के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने की हिदायत दी। इससे पहले, पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने पीपीटी (PPT) के जरिए मुख्यमंत्री के समक्ष पूरे परिक्षेत्र का ब्योरा प्रस्तुत किया।

बैठक में मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की रही भारी मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में सूबे के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या समेत कई माननीय विधायक, सांसद और विधान परिषद सदस्य मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारी उपस्थित थे।