Children's Day 2026: आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में मनाया गया बाल दिवस
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम; छात्राओं ने चाचा नेहरू के जीवन और आधुनिक भारत में उनके योगदान पर रखे विचार।
भदैनी मिरर शिक्षा डेस्क, वाराणसी। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (14 नवंबर) के अवसर पर शुक्रवार को आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में 'बाल दिवस' का कार्यक्रम बेहद हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। चूंकि चाचा नेहरू को बच्चों और युवाओं से विशेष स्नेह था, इसलिए उनके जन्मदिन को देश भर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को देश के निर्माण में पंडित नेहरू के योगदान और उनके आदर्शों से परिचित कराना था।
छात्राओं ने साझा किए चाचा नेहरू के विचार
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पंडित नेहरू के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान, प्रसिद्ध 'पंचशील सिद्धांतों', आधुनिक भारत के निर्माण और बच्चों के प्रति उनके अगाध प्रेम पर अपने विचार रखे। वक्ता छात्राओं ने कहा कि चाचा नेहरू का यह सपना था कि देश का प्रत्येक बच्चा शिक्षित, स्वावलंबी और उच्च संस्कारों से लैस हो।
"युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया'" — प्रवक्तागण
महाविद्यालय के प्रवक्ताओं ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि वे केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखक और दूरदर्शी विचारक भी थे। उनकी विश्व प्रसिद्ध पुस्तक 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' (भारत की खोज) आज भी देश के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा प्रेरणा स्रोत बनी हुई है।
"आत्मनिर्भर बनें और समाज में बनाएं अपनी पहचान" — डॉ. प्रतिमा राय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रतिमा राय ने कहा, "पंडित नेहरू जी बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। उनका स्पष्ट मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत की तकदीर लिखेंगे। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। छात्राओं को चाहिए कि वे आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करें।"
कार्यक्रम का बेहद कुशल और आकर्षक संचालन महाविद्यालय की छात्रा सुश्री रागिनी गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रतिमा राय ने उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं के भीतर नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।