{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी क्राइम: 'UP 65' नंबर की कार और मिट्टी सनी नंबर प्लेट... मिर्जामुराद के ठठरा गांव में सरेराह लूट से दहशत

कछवांरोड-भैसा मार्ग पर रविवार की रात झपट्टा मारकर महिला से मंगलसूत्र छीनने का मामला

 
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवांरोड-भैसा मार्ग पर रविवार की रात झपट्टा मारकर महिला से मंगलसूत्र छीनने का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। ठठरा (मिर्जामुराद ) गांव निवासी मंजू देवी पत्नी राजकुमार अपनी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकी। कार से उतरे युवक ने बिस्किट व अन्य सामान मांगा। महिला जैसे ही सामान देने के लिए पीछे मुड़ी, युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और कार में बैठकर कछवांरोड की ओर फरार हो गया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार कार में दो महिलाएं व दो पुरुष सवार थे। एक युवक कार चला रहा था, जबकि दूसरा सामान लेने के बहाने दुकान पर आया था। झपट्टे के दौरान मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट महिला के हाथ में ही रह गया। कार पर “यूपी 65” लिखा दिखा, जबकि बाकी नंबर प्लेट मिट्टी से ढकी हुई थी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की तलाश जारी है।