“UGC का बाप” लिखी बुलेट जब्त: वाराणसी में बिना नंबर प्लेट बाइक पर पुलिस की कार्रवाई
कैंट थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मिली अजीबोगरीब बाइक, नंबर प्लेट की जगह लिखा था विवादित मैसेज
Apr 6, 2026, 22:43 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। धर्मनगरी में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां स्टाइल के नाम पर कानून को नजरअंदाज करना एक युवक को भारी पड़ गया। कैंट थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट वाली बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, विकास भवन के पास नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की नजर सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध बुलेट बाइक पर पड़ी। जब पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो सभी चौंक गए।
बाइक पर नंबर प्लेट की जगह बड़े अक्षरों में “UGC का बाप” लिखा हुआ था। यह देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। हालांकि, यह ‘क्रिएटिव’ अंदाज ज्यादा देर तक नहीं चल सका।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में बाइक मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन और मालिक का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना और इस तरह के आपत्तिजनक या भ्रामक संदेश लिखना नियमों का उल्लंघन है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि बाइक मालिक सामने आकर अपनी इस अनोखी हरकत पर क्या सफाई देता है।