{"vars":{"id": "125128:4947"}}

भाजपा कार्यकर्ता की कथित पुलिस हिरासत में मौत, वाराणसी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

श्रद्धांजलि सभा में सपा कार्यकर्ताओं का उमड़ा आक्रोश, 
गाजीपुर पुलिस की बर्बरता पर उठाए सवाल
 

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। भाजपा कार्यकर्ता सीताराम उपाध्याय की कथित रूप से पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर हुई मौत के खिलाफ वाराणसी में आक्रोश देखने को मिला। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को घसियारी टोला स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी (महानगर अध्यक्ष) अमन यादव ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अब आम इंसान भी पुलिस की बर्बरता का शिकार होकर जान गंवा रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की विफलता और तानाशाही करार दिया।

सभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीताराम उपाध्याय की मौत न केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या है बल्कि यह पुलिसिया दमन का ज्वलंत उदाहरण है। वक्ताओं ने एक स्वर में दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से बाबू भारती, पप्पू यादव, चंदन सोनकर, रवि शर्मा समेत समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गठिया गांव में बिजली पोल लगाने के सवाल पर दो पक्षों में विवाद था। एक पक्ष के राजेश राय बागी और विकास राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात नोनहरा थाने में प्रदर्शन किया। आरोप है कि थाने की बत्ती बुझाकर पुलिस ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया। इसमें दिव्यांग भाजपा कार्यकर्ता 35 वर्षीय सियाराम उपाध्याय घायल हो गए। गुरुवार भोर में उनकी सांसें थम गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय समेत कई पदाधिकारी सांत्वना देने रूकुंदीपुर गांव स्थित उनके घर पहुंचे तो उनका विरोध हुआ।

डीआईजी ने ली पूरी जानकारी


नोनहरा थाने में कथित लाठीचार्ज में घायल भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की गुरुवार को मौत के बाद सूचना मिलने पर डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण गाजीपुर पहुंचे। घटना की विस्तृत जानकारी ली। एसपी गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर कर दिए गए। घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए है। 
एसपी ने बताया कि नोनहरा थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी, उप निरीक्षक अवधेश कुमार राय, मुख्य आरक्षी नागेंद्र सिंह यादव, आरक्षी धीरज सिंह, आरक्षी अभिषेक पांडेय और आरक्षी राकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया।