काशी पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन! सीएम योगी और हिमंत बिस्व सरमा के साथ जनसभा
लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचे भाजपा दिग्गज; आठ संगठनात्मक बैठकों के साथ विद्यापीठ में 'जेन जी' से करेंगे संवाद।
भदैनी मिरर वाराणसी डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौर पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी (वाराणसी) पहुंच चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद काशी में उनकी यह पहली विशाल जनसभा है, जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निजी विमान से पहुंचे नितिन नवीन का यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया।
जगतपुर इंटर कॉलेज में विशाल जनसभा, मंच पर जुटे दिग्गज
एयरपोर्ट से स्वागत के बाद सभी दिग्गज नेता सीधे जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए। जनसभा स्थल पर दोपहर से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था।
-
मंच पर उपस्थित प्रमुख नेता: जनसभा मंच पर राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पिंडरा विधायक अवधेश सिंह, रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, महापौर अशोक तिवारी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
-
वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक सवार: गुजरात के वडनगर से बाइक यात्रा कर काशी पहुंचे करीब 500 बाइक यात्रियों का संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुवाई में भव्य स्वागत किया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शहर में रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
-
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
-
राजघाट पुल और सूजाबाद की तरफ से शाम 4 बजे से ही सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
आठ अलग-अलग बैठकों में लेंगे हिस्सा, कल 'Gen Z' से करेंगे संवाद
जनसभा को संबोधित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का काफिला गोकुल धाम के लिए रवाना होगा। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे संगठन को धार देने के लिए आठ महत्वपूर्ण बैठकों में शिरकत करेंगे:
-
सांसदों-विधायकों संग बैठक: काशी क्षेत्र के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLCs) के साथ सांगठनिक रणनीति पर चर्चा होगी।
-
प्रमुख कार्यकर्ताओं से संवाद: गोकुल धाम में भाजपा के वरिष्ठ व प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की समीक्षा की जाएगी।
-
युवाओं से संवाद (Gen Z): बृहस्पतिवार को नितिन नवीन काशी विद्यापीठ में युवाओं (Gen Z) के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।