{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचे पड़ाव आश्रम, बाबा संभव राम से लिया आशीर्वाद

वाराणसी में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का आध्यात्मिक प्रवास

 

भदैनी मिरर न्यूज़ डेस्क: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को अपने आध्यात्मिक प्रवास पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पड़ाव स्थित अघोर पीठ सरवेश्वरी समूह आश्रम पहुंचकर गुरु पद बाबा संभव राम से मुलाकात की। निशांत कुमार ने बाबा संभव राम के दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आश्रम के सेवा कार्यों और व्यवस्थाओं की ली जानकारी

पड़ाव आश्रम में मंत्री निशांत कुमार लगभग एक घंटे तक रुके। इस दौरान उन्होंने आश्रम द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा के कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं और यहां संचालित मानव सेवा प्रकल्पों की सराहना की। इस दौरान आश्रम परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उनके आगमन को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिली।

डोमरी स्थित अवधूत भगवान राम की समाधि स्थल पर की पूजा-अर्चना

पड़ाव आश्रम में दर्शन-पूजन के बाद निशांत कुमार का काफिला डोमरी के लिए रवाना हुआ। डोमरी पहुंचकर उन्होंने परमपूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की पवित्र समाधि स्थल पर पूरी श्रद्धा के साथ मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से समाधि स्थल की महत्ता और परिसर के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल और सहयोगियों ने भी समाधि स्थल पर अपनी श्रद्धा निवेदित की। स्वास्थ्य मंत्री के इस पड़ाव से डोमरी तक के आध्यात्मिक प्रवास के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।